आयुष्मान कार्ड से इलाज, दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानी हकीकत; मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
जशपुरनगर। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 2 नवंबर को जशपुर प्रवास के दौरान जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों की उपस्थिति, दवाइयों की उपलब्धता, आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मरीजों को मिल रही उपचार सुविधा और अस्पताल में दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
डॉक्टरों की उपस्थिति और दवाइयों की उपलब्धता पर लिया फीडबैक
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में डॉक्टरों की उपस्थिति और मरीजों को समय पर उपचार मिलने की व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र मरीजों को मिल रही उपचार सुविधाओं की भी समीक्षा की।
मरीजों के भोजन की गुणवत्ता पर भी दिया ध्यान
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने और मरीजों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा, जशपुर एसडीएम ओंकारेश्वर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।