जशपुर। दीपावली की सुबह जशपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के पर्व के बीच मातम पसरा दिया। कुनकुरी थाना क्षेत्र के सलियाटोली में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सुबह करीब 5 बजे यात्री बस और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। राहत की बात यह रही कि बस में सवार यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
हजारीबाग से संबलपुर जा रही थी रॉयल बस
मिली जानकारी के अनुसार, रॉयल बस हजारीबाग से यात्रियों को लेकर ओडिशा के संबलपुर की ओर जा रही थी। वहीं दूसरी ओर ट्रक जशपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान कुनकुरी थाना क्षेत्र के सलियाटोली हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
बस यात्रियों की सुरक्षित होने से मिली राहत
इस भीषण टक्कर में सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि रॉयल बस में सवार यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। हादसे में किसी बस यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
दीपावली जैसे बड़े त्योहार की सुबह हुए इस हादसे से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना किस वजह से हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृत ट्रक चालक की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी सामने आने का इंतजार है।
जशपुर जिले की ऐसी ही ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिए पढ़ते रहें संवाद छत्तीसगढ़। पूरी खबर और अन्य अपडेट के लिए हमारी वेबसाइट पर विजिट करें।