जशपुर: बिना लाइसेंस खाद बेचने पर कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 141 बोरी उर्वरक जब्त, एफआईआर की तैयारी

जशपुर, 09 जुलाई 2026। किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने और कालाबाजारी, जमाखोरी व अवैध विक्रय पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर कृषि विभाग लगातार सघन निरीक्षण अभियान चला रहा है। इसी क्रम में विकासखंड बगीचा के ग्राम चम्पा में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 141 बोरी उर्वरक जब्त किया है।

उप संचालक कृषि एम.आर. भगत ने बताया कि वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी लालसाय केरकेट्टा, कृषि विकास अधिकारी एवं उर्वरक निरीक्षक क्रुसलीना मिंज तथा संबंधित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी की संयुक्त टीम ने ग्राम चम्पा में नईम अख्तर के निवास पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान 25 बोरी डीएपी, 10 बोरी एसएसपी और 106 बोरी यूरिया सहित कुल 141 बोरी उर्वरक बिना किसी वैध बिल या दस्तावेज के भंडारित मिला।

जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित व्यक्ति बिना वैध उर्वरक लाइसेंस के खाद का विक्रय कर रहा था। वैध दस्तावेज और लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कृषि विभाग ने समस्त उर्वरक जब्त कर सुपुर्दनामा तैयार किया तथा उसके विक्रय पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया।

कृषि विभाग के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर के निर्देश पर जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी, नकली उर्वरकों की बिक्री और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री रोकने के लिए जिला स्तरीय टीम सभी विकासखंडों में लगातार निरीक्षण कर रही है।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद-बीज खरीदें, खरीदारी का बिल अवश्य लें और कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक कीमत पर उर्वरक बिक्री की सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment