जशपुर: आंगनबाड़ी सहायिकाओं ने विधायक गोमती साय को सौंपा मांग पत्र, पदोन्नति सहित विभिन्न मांगों के निराकरण की मांग

जशपुर: छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ (पंजीयन क्रमांक-409) के प्रतिनिधिमंडल ने पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय से मुलाकात कर अपनी लंबित मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ ने विधायक से मांगों को राज्य सरकार तक पहुंचाकर शीघ्र निराकरण कराने का आग्रह किया।

संघ ने बताया कि प्रदेशभर की हजारों आंगनबाड़ी सहायिकाएं वर्षों से सेवाएं दे रही हैं, लेकिन उन्हें पदोन्नति और अन्य सेवा संबंधी सुविधाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन में प्रमुख रूप से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रिक्त पदों पर सहायिकाओं को शत-प्रतिशत पदोन्नति देने और पदोन्नति के लिए निर्धारित आयु सीमा समाप्त करने की मांग की गई।



प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आंगनबाड़ी सहायिकाएं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित सम्मान और अवसर नहीं मिल रहे हैं।

विधायक श्रीमती गोमती साय ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि वे सहायिकाओं की जायज मांगों को शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाएंगी और उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी।

इस दौरान संघ की रूपा सोनी, कलावती परहा, पार्वती यादव, सविता, बिमला बाई, आशा, लालमति, मीनाक्षी, हेमबिनोला, निमा, गुलशन पैकरा, सुमित्रा यादव, बैजंती भगत सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment