जशपुर, 10 जुलाई 2026। जिले में नए शैक्षणिक सत्र के साथ शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कांसाबेल का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को समय पर विद्यालय पहुंचकर पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ शिक्षण कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अनुपस्थित छात्राओं के पालकों से नियमित संपर्क करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, कक्षाओं में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अव्यवस्थित विद्युत तारों को तत्काल व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
छात्राओं से किया संवाद, सपनों को पूरा करने का दिया मंत्र
कलेक्टर ने कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय की छात्राओं से संवाद करते हुए इंटरैक्टिव स्मार्ट क्लास का अवलोकन किया। छात्राओं ने डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासनिक अधिकारी बनने की इच्छा जताई। इस पर कलेक्टर ने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर मेहनत से ही सपने साकार होते हैं। उन्होंने छात्राओं को नीट, जेईई सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया।
कक्षा 10वीं में अध्ययनरत छात्राओं से बातचीत के दौरान किसी ने डॉक्टर, किसी ने एयर होस्टेस, पुलिस अधिकारी और शिक्षक बनने की इच्छा व्यक्त की। शिक्षक बनने की इच्छुक छात्रा निष्ठा साहू ने पूरी कक्षा के सामने आत्मविश्वास के साथ अध्यापन कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसकी कलेक्टर ने सराहना की। वहीं इंजीनियर बनने की इच्छुक कौशल्या यादव ने इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों की जानकारी साझा की।
पालकों से खुद की फोन पर बात
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने स्वयं अनुपस्थित छात्राओं के पालकों से दूरभाष पर चर्चा कर उन्हें बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक छात्रा की शिक्षा सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार श्रीमती आस्था चंद्राकर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री गोपाल राम, प्राचार्य श्री दिलरुस्तम दास टांडिया सहित शिक्षक एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।