जशपुर: आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने निर्देश दिए कि इस वर्ष भी रणजीता स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया जाए। मंच, बैठक व्यवस्था, आमंत्रण पत्र, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि सभी विकासखंड कार्यालयों एवं जनपद पंचायत कार्यालयों में ध्वजारोहण किया जाएगा तथा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी शासकीय भवनों में आकर्षक रोशनी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में कलेक्टर ने विभागों से उत्कृष्ट कर्मचारियों के नाम भेजते समय उनके उल्लेखनीय कार्यों का विवरण भी संलग्न करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि जिन कर्मचारियों को पूर्व में 15 अगस्त या 26 जनवरी के अवसर पर सम्मानित किया जा चुका है, उनके नाम दोबारा प्रस्तावित न किए जाएं।
इसके अलावा कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को जिले के स्कूलों एवं आश्रम-छात्रावासों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति, सुरक्षा व्यवस्था, बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, बिस्तर एवं चादरों की स्वच्छता, परिसर की झाड़ियां साफ होना, मच्छरदानियों का उपयोग तथा बालिका छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था का गंभीरता से परीक्षण करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिन आश्रम-छात्रावासों में किसी प्रकार की समस्या मिले, उसकी तत्काल जानकारी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन के लंबित आवेदनों का समयबद्ध एवं गंभीरता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, सभी एसडीएम, जनपद सीईओ तथा जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।