जशपुर: कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में जशपुर एवं पत्थलगांव संभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन भवनों, सड़कों, खेल अधोसंरचना सहित अन्य विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। इस दौरान लोक निर्माण विभाग संभाग जशपुर के प्रभारी कार्यपालन अभियंता श्री टी.एन. सिंह तथा पत्थलगांव संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री मोचन कश्यप सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री व्यास ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन करते हुए पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग और सतत निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित न हो और समय पर कार्य पूर्ण हो सकें।
उन्होंने निर्माण स्थलों का नियमित फील्ड निरीक्षण करने पर जोर देते हुए कहा कि लगातार निगरानी से कार्यों में तेजी आएगी, गुणवत्ता सुनिश्चित होगी और तकनीकी या प्रशासनिक समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सकेगा।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी निर्माण कार्य स्वीकृत डिज़ाइन और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ अधोसंरचना का लाभ समय पर मिल सके।