जशपुर: घोलेंग-सन्ना एकलव्य विद्यालयों के कमजोर रिजल्ट पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी, हर सप्ताह टेस्ट और लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश

जशपुर, 23 मई 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जिला कार्यालय सभाकक्ष में आदिम जाति कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विशेष शिक्षण संस्थाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक लेकर प्रयास आवासीय विद्यालय, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय तथा विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा आवासीय विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा परिणामों एवं व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन किया। बैठक में विद्यार्थियों की उपस्थिति, अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता, बोर्ड परीक्षा परिणाम, छात्रावास संचालन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री प्रशांत कुशवाहा, आदिम जाति कल्याण विभाग के सहायक आयुक्त श्री संजय सिंह, सहायक संचालक श्री दिव्यांश सिंह चौहान सहित सभी संस्थाओं के प्रमुख, अधीक्षक एवं मंडल संयोजक उपस्थित थे।

समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने विशेष रूप से घोलेंग एवं सन्ना स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं की स्थापना दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है, इसलिए परीक्षा परिणामों में अपेक्षित सुधार और उत्कृष्टता दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों और संस्थागत प्रबंधन को अधिक जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करना होगा।

कलेक्टर श्री व्यास ने विद्यालयों में नियमित अध्ययन-अध्यापन सुनिश्चित करने, कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए विशेष कक्षाएं संचालित करने तथा प्रत्येक विषय की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राचार्यों को प्रत्येक सप्ताह सभी विषयों का टेस्ट आयोजित करने, नियमित मासिक परीक्षण लेने तथा विद्यार्थियों की प्रगति का सतत मूल्यांकन करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अभिभावकों के साथ नियमित संवाद स्थापित कर विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर निगरानी रखी जाए तथा बच्चों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति रुचि विकसित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। साथ ही विद्यालयों में अनुशासित एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर भी जोर दिया।

बैठक में छात्रावासों की व्यवस्थाओं, भोजन की गुणवत्ता, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेलकूद गतिविधियों एवं विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी संस्थाओं को विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार करने तथा बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के उद्देश्य से अभी से प्रभावी तैयारी प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संस्थाएं निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियों को सुनिश्चित करें।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment