जशपुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय हॉकी क्रीड़ा प्रतियोगिता का रविवार को जशपुर के स्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय प्रतियोगिता 26 से 29 जुलाई तक आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश के पांचों संभागों से आए खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और सभी टीमों से सलामी ली। प्रतियोगिता में 5 संभागीय मुख्यालयों से 160 बालक एवं 80 बालिका सहित कुल 240 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इनके साथ 35 से अधिक कोच एवं मैनेजर भी मौजूद हैं।
खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले तथा प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच होती हैं, जहां से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का रास्ता तैयार होता है।
जशपुर बन रहा हॉकी का प्रमुख केंद्र
नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने कहा कि जशपुर को लगातार राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिताओं की मेजबानी का अवसर मिलना जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी 25वीं राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का सफल आयोजन जशपुर में हुआ था।
उन्होंने कहा कि जिले में विकसित आधुनिक स्ट्रो टर्फ हॉकी मैदान खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय अभ्यास और प्रतियोगिताओं का बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा निखारने का लाभ मिल रहा है।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
उद्घाटन समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, उपाध्यक्ष यशप्रताप सिंह जूदेव, राजा सोनी, संतोष सिंह, डिप्टी कलेक्टर एवं खेल अधिकारी समीर बड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार सिन्हा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के दौरान प्रदेश के विभिन्न संभागों की टीमें चार दिनों तक रोमांचक मुकाबलों में हिस्सा लेंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय शालेय प्रतियोगिताओं के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करेंगे।