जशपुर: H1N1 स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जिलेवासियों से सावधानी बरतने की अपील

बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ को न करें नजरअंदाज, लक्षण दिखने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील

जशपुरनगर: छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में H1N1/स्वाइन फ्लू के प्रकरण सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। दुर्ग, बिलासपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने के मद्देनजर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. एस. जात्रा ने जिलेवासियों से संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार H1N1/स्वाइन फ्लू एक श्वसन संक्रमण है, जो संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने तथा निकट संपर्क में आने से फैल सकता है। ऐसे में संक्रमण से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता और सावधानी बेहद जरूरी है।

संक्रमण से बचाव के लिए इन सावधानियों का रखें ध्यान

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से खांसते या छींकते समय नाक और मुंह को रूमाल अथवा टिश्यू से ढकने की अपील की है। साथ ही साबुन एवं पानी से बार-बार हाथ धोने और बिना हाथ धोए आंख, नाक और मुंह को छूने से बचने की सलाह दी गई है।

बुखार, खांसी या गले में खराश होने पर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें। बीमारी की स्थिति में पर्याप्त आराम करें और दूसरों के निकट संपर्क से बचें।

घर एवं कार्यस्थल पर साफ-सफाई और पर्याप्त वेंटिलेशन बनाए रखना भी संक्रमण के प्रसार को कम करने में सहायक है। चिकित्सकीय सलाह के बिना एंटीबायोटिक अथवा अन्य दवाओं का सेवन नहीं करने की सलाह भी दी गई है।

फ्लू जैसे लक्षण दिखें तो रहें सतर्क

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या नाक बंद होना, सिरदर्द, शरीर में दर्द, कमजोरी और अत्यधिक थकान जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।

वहीं सांस लेने में कठिनाई, सांस फूलना, सीने में दर्द या लक्षण लगातार बढ़ने की स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य संस्था पहुंचकर उपचार लेना आवश्यक है।

इन लोगों को विशेष सावधानी की सलाह

स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों, बुजुर्गों तथा गंभीर अथवा दीर्घकालिक बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

इन वर्गों में फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।

घबराने की नहीं, सतर्क रहने की जरूरत

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी. एस. जात्रा ने जिलेवासियों से अपील की है कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन संक्रमण की रोकथाम के लिए सतर्क रहना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि लक्षण दिखाई देने पर स्वयं उपचार करने के बजाय निकटतम शासकीय स्वास्थ्य संस्था में चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करें।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment