जशपुर: आधी रात बकरी चोरी की वारदात नाकाम, ग्रामीणों ने दौड़ाकर दबोचा कुख्यात गिरोह का सदस्य

लोदाम, 04 जून 2026। जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र में बकरी चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे कुख्यात बादी (नट) गिरोह के एक सदस्य को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन सहित फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बकरी तथा चोरी में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार ग्राम लोदाम बैगाटोली निवासी किषुन राम (35 वर्ष) ने थाना लोदाम में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2 जून की रात उसने अपने घर के गोहार में नौ बकरा-बकरियां बांधकर रखी थीं। देर रात पड़ोसी ने घर के बाहर संदिग्ध वाहन खड़े होने और कुछ लोगों के घूमने की सूचना दी। इसके बाद जब वह बाहर निकला तो घर के एक कमरे का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर गोहार का दरवाजा टूटा मिला तथा वहां से एक बकरा और एक बकरी गायब थे।

इसी दौरान ग्रामीणों को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अनीष खान उर्फ गोल्डन (25 वर्ष), निवासी टुकूपारा, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा बताया। उसके कब्जे से चोरी की गई एक बकरी, टांगी, मोबाइल फोन, टॉर्च, टेप सहित अन्य सामान बरामद किया गया। आरोपी के अन्य साथी कार से मौके से फरार हो गए।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वयं को कुख्यात बादी (नट) गिरोह का सदस्य बताया और स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ सीतापुर से चोरी की नीयत से लोदाम क्षेत्र आया था। मामले में थाना लोदाम में अपराध क्रमांक 38/2026 के तहत धारा 331(4), 305 एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को 4 जून को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जागरूक ग्रामीणों के सहयोग से कुख्यात बादी गिरोह के एक सदस्य को चोरी करते समय रंगे हाथ पकड़ा गया है। फरार आरोपियों की सघन तलाश जारी है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न थानों में अपराध दर्ज होने की जानकारी मिली है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment