जशपुर: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष अभियान, तीन दिवसीय शिविरों में मिलेगा योजनाओं का लाभ , कलेक्टर ने तैयारी के दिए निर्देश

जशपुरनगर, 16 जून 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए समाज कल्याण विभाग एवं आयुष विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी विकासखंडों में योग दिवस को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने सभी विकासखंडों के स्कूलों में शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक मनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें आमंत्रित किया जाए।

कलेक्टर श्री व्यास ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के तहत जिले में 18 जून से 20 जून 2026 तक तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र हितग्राहियों का विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पंजीयन एवं लाभ वितरण किया जाएगा।

शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित केंद्र एवं राज्य शासन की प्रमुख योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों को उपलब्ध कराया जाएगा।

कलेक्टर ने जिले के सभी कार्यालय प्रमुखों एवं अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए बताया कि सभी राजस्व अनुभागों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। संबंधित एसडीएम को शिविर का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो आयोजन के सफल संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे।

उन्होंने निर्देश दिए कि शिविरों से पूर्व ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। मुनादी एवं कोटवारों के माध्यम से नागरिकों तक सूचना पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

कलेक्टर ने सभी विभागों को अपने-अपने विभागों की योजनाओं के पात्र हितग्राहियों का अधिकतम पंजीयन सुनिश्चित करने तथा उन्हें लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

बैठक में कलेक्टर ने सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री की घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी अधिकारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने को कहा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment