जशपुर: बारिश से क्षतिग्रस्त सुलेसा-दनगरी मार्ग का PWD ने किया निरीक्षण, जल्द मरम्मत के निर्देश

जशपुर। समाचार पत्र में प्रकाशित खबर “जशपुर में ठेकेदार की लापरवाही से सड़क बही, कई गांवों का संपर्क टूटा” के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) संभाग जशपुर ने मामले का त्वरित संज्ञान लिया है। विभागीय अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त सुलेसा-दनगरी मार्ग का स्थल निरीक्षण कर सड़क की शीघ्र मरम्मत और आवागमन बहाल करने के निर्देश दिए हैं।

लोक निर्माण विभाग के अनुसार सुलेसा-दनगरी मार्ग की कुल लंबाई 12.26 किलोमीटर है और इसका निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। मार्ग में मिट्टी एवं जीएसबी (GSB) का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

विगत दिनों हुई अत्यधिक बारिश और कच्ची नाली में तेज पानी के बहाव के कारण सड़क का लगभग 60 मीटर हिस्सा कटाव की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया था। मामले की जानकारी मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों ने 1 सितंबर को मौके का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान संबंधित उप अभियंता, ठेकेदार प्रतिनिधि और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यपालन अभियंता ने संबंधित ठेकेदार को क्षतिग्रस्त हिस्से की तत्काल मरम्मत कर मार्ग को आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए हैं।

विभाग का कहना है कि मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कर सुलेसा-दनगरी मार्ग पर आवागमन को पुनः सुचारू किया जाएगा, जिससे प्रभावित गांवों के लोगों को राहत मिल सकेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment