जशपुर: 14 गौवंशों को लेकर जंगल में भाग रहे थे तस्कर, पुलिस ने एक को पकड़ा

जशपुर: जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम खरसोता में पुलिस ने तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 14 गौवंशों को बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि दो अन्य आरोपी जंगल की आड़ लेकर फरार हो गए।

खरसोता में दिखे संदिग्ध, पुलिस ने घेरा इलाका

पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि कुछ व्यक्ति बोरोकोना के जंगल से होकर गौवंशों को पैदल हांकते हुए खरसोता पुलिया की तरफ ले जा रहे हैं। सूचना थी कि गौवंशों को आगे झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है।

जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और टीम को तत्काल मौके पर भेजा। पुलिस टीम ने खरसोता पुलिया के पास संदिग्ध गतिविधि देखी और घेराबंदी शुरू कर दी।

पुलिस पहुंची तो गौवंश छोड़कर भागने लगे

पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही संदिग्ध लोग गौवंशों को छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस जवानों ने पीछा किया और एक आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रेम सुधार राम, उम्र 28 वर्ष, निवासी डड़गांव, चौकी मनोरा, जिला जशपुर बताया। उसके साथ मौजूद दो अन्य व्यक्ति जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।

14 गौवंश सुरक्षित, पशु चिकित्सक ने की जांच

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 14 नग गौवंशों को अपने कब्जे में लिया। सभी पशुओं को सुरक्षित बरामद करने के बाद उनका पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।

पुलिस ने फरार आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी गई है।

तीन धाराओं में अपराध दर्ज

सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

ऑपरेशन शंखनाद रहेगा जारी

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, उप निरीक्षक संजीव कायता, प्रधान आरक्षक संजीत, सविता और आरक्षक राम प्रताप यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस ने 14 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि गौवंश तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऑपरेशन शंखनाद निरंतर जारी रहेगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment