जशपुर। तपकरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगीबहार में पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद के दौरान बेटे ने अपने पिता के सिर पर सील-लोढ़ा से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे सूरज सिंह (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 6 अगस्त 2026 की है। मृतक कृष्णा सिंह के भतीजे योगादर सिंह को गांव के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि सूरज सिंह ने अपने पिता कृष्णा सिंह के साथ मारपीट की है, जिससे वे बेहोश हो गए हैं। सूचना मिलने पर योगादर सिंह मौके पर पहुंचा, जहां कृष्णा सिंह खाट पर बेहोश पड़े थे और उनके नाक, मुंह व कान से खून निकल रहा था। आरोपी सूरज सिंह भी मौके पर मौजूद था।
परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से कृष्णा सिंह को शासकीय अस्पताल केरसई पहुंचाया। वहां से उन्हें शासकीय अस्पताल कुनकुरी रेफर किया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर थाना कुनकुरी में मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। मामला तपकरा थाना क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी थाना तपकरा भेजी गई। इसके बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 अगस्त को आरोपी सूरज सिंह को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता की कथित तौर पर झगड़ालू प्रवृत्ति थी और आए दिन घर तथा बाहर विवाद होता रहता था। घटना के दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके दौरान आरोपी ने आवेश में आकर घर में रखे सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर वार कर दिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सील-लोढ़ा भी जब्त कर लिया है।
मामले की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक संदीप कौशिक, चौकी प्रभारी ऊपर कछार सहायक उप निरीक्षक भुनेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा, आरक्षक दिलीप खलखो, सोनू सिंह और अमेश पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।