जशपुर: शतरंज प्रेमियों के लिए बड़ी खबर है। जशपुर में पहली बार ‘चेकमेट एट जशपुर–अखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता 2026’ का आयोजन होने जा रहा है। प्रतियोगिता 29 अगस्त से 1 सितंबर तक पुरानी टोली स्थित कम्युनिटी हॉल में आयोजित होगी। जिला प्रशासन, खेल विभाग एवं जशपुर जिला शतरंज संघ के संयुक्त आयोजन में होने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर से शतरंज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता को लेकर जिले में शतरंज प्रेमियों और खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। आयोजन में खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा के साथ जशपुर की प्राकृतिक खूबसूरती और यहां के सुहाने मौसम का अनुभव लेने का भी अवसर मिलेगा।
2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि, विजेता को मिलेंगे 50 हजार
‘चेकमेट एट जशपुर 2026’ में खिलाड़ियों के लिए कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। मुख्य श्रेणी में विजेता खिलाड़ी को 50 हजार रुपये एवं ट्रॉफी, उपविजेता को 30 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 20 हजार रुपये एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
इसके अलावा प्रतियोगिता में विभिन्न रेटिंग वर्ग, महिला वर्ग, वरिष्ठ वर्ग और अलग-अलग आयु वर्गों के खिलाड़ियों के लिए भी विशेष पुरस्कार रखे गए हैं। जशपुर एवं सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए भी अलग से पुरस्कार दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता का आयोजन आठ चक्रों में फिडे स्विस प्रणाली के अनुसार किया जाएगा।
पिछले विजेताओं ने देशभर के खिलाड़ियों को दिया जशपुर आने का न्योता
प्रतियोगिता को लेकर पिछले वर्ष जशपुर में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता के विजेताओं ने भी खिलाड़ियों से शामिल होने की अपील की है।
पिछले वर्ष के मुख्य श्रेणी विजेता स्पर्श खंडेलवाल ने खिलाड़ियों से जशपुर पहुंचकर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वे पिछले वर्ष के विजेता रहे हैं और इस वर्ष भी 29 अगस्त से 1 सितंबर तक होने वाली प्रतियोगिता में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि जशपुर में हर वर्ष शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन होना खुशी की बात है और उम्मीद है कि यह आयोजन आने वाले वर्षों में और भी बड़ा रूप लेगा।
वहीं पिछले वर्ष के प्रथम रनर-अप वी. विराट अय्यर ने भी देशभर के खिलाड़ियों को जशपुर आने का न्योता दिया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जशपुर में आयोजित राज्य स्तरीय ओपन शतरंज प्रतियोगिता में वे प्रथम रनर-अप रहे थे और उन्हें 21 हजार रुपये का पुरस्कार मिला था।
उन्होंने इस वर्ष आयोजित अखिल भारतीय फिडे रेटेड शास्त्रीय शतरंज प्रतियोगिता में फिर शामिल होने की बात कहते हुए खिलाड़ियों से जशपुर आकर प्रतियोगिता का हिस्सा बनने की अपील की।
‘जशपुर की वादियां और शतरंज का रोमांच देंगे यादगार अनुभव’
वी. विराट अय्यर ने कहा कि जशपुर की खूबसूरत वादियां, सुहाना मौसम और शानदार शतरंज का रोमांच खिलाड़ियों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा। उन्होंने अधिक से अधिक खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में पंजीयन कराकर शामिल होने का आग्रह किया।
आयोजकों का उद्देश्य जशपुर में शतरंज को बढ़ावा देने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को जिले में प्रतिस्पर्धा का मंच उपलब्ध कराना है।
2200 से अधिक फिडे रेटिंग वाले खिलाड़ियों की एंट्री फ्री
प्रतियोगिता में ग्रैंडमास्टर, इंटरनेशनल मास्टर, महिला ग्रैंडमास्टर, महिला इंटरनेशनल मास्टर तथा 2200 या उससे अधिक फिडे रेटिंग वाले खिलाड़ियों के लिए प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
वहीं अलग-अलग क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। जशपुर के खिलाड़ियों के लिए 200 रुपये, सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों के लिए 800 रुपये और अन्य क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए 1,200 रुपये प्रवेश शुल्क निर्धारित है।
24 अगस्त तक करा सकेंगे पंजीयन, पहले 50 बाहरी खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास
प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ियों के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। आयोजकों ने बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है।
बाहर से आने वाले पहले 50 खिलाड़ियों के लिए निःशुल्क छात्रावासनुमा आवास की व्यवस्था की जाएगी। इससे दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में शामिल होने में सुविधा मिलेगी।
देशभर के खिलाड़ियों से शामिल होने की अपील
जिला प्रशासन ने देशभर के शतरंज खिलाड़ियों से ‘चेकमेट एट जशपुर 2026’ में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर प्रतियोगिता को सफल बनाने की अपील की है।
जशपुर में पहली बार आयोजित होने वाली यह अखिल भारतीय ओपन फिडे रेटेड शतरंज प्रतियोगिता जिले को राष्ट्रीय शतरंज मानचित्र पर पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों की भागीदारी से जशपुर में शतरंज के खेल को नई पहचान और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलने की उम्मीद है।