रायपुर केंद्रीय जेल में बदली 70 बंदियों की जिंदगी की राह, कंप्यूटर और ब्यूटी प्रशिक्षण के मिले प्रमाण-पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों के सुधार, पुनर्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए संचालित ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत केंद्रीय जेल रायपुर में 70 बंदियों को कौशल प्रशिक्षण पूरा करने पर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में 40 पुरुष बंदियों को कंप्यूटर शिक्षा और 30 महिला बंदियों को ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण पूरा करने पर प्रमाण-पत्र दिए गए।

भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा छत्तीसगढ़ जेल एवं सुधारात्मक सेवाओं के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। पुरुष बंदियों ने ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ और महिला बंदियों ने ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कौशल प्रशिक्षण से आत्मनिर्भरता की राह

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि जेलों में शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सुधारात्मक प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ‘निश्चय कार्यक्रम’ बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में सार्थक पहल है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों का आधार है। इससे बंदियों में डिजिटल साक्षरता, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास विकसित होगा। वहीं ब्यूटी पार्लर और हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण महिला बंदियों को रिहाई के बाद स्वरोजगार शुरू करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मददगार हो सकता है।

शिक्षा और हुनर से खुलेगी नई राह

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने प्रशिक्षण पूरा करने वाले बंदियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ जीवन में नई संभावनाएं खोलते हैं। तकनीकी ज्ञान और व्यावसायिक दक्षता से बंदी भविष्य में रोजगार तथा स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि ‘निश्चय कार्यक्रम’ के माध्यम से बंदियों को शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़कर उनके व्यक्तित्व विकास, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव और पुनर्वास को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जेल में बिताए समय का रचनात्मक उपयोग कराना और रिहाई के बाद उन्हें समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापित होने में मदद देना है।

इस अवसर पर केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान रायपुर के निदेशक अतुल सिंह तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, नई दिल्ली के छत्तीसगढ़-झारखंड स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ की जेलों, प्रशासन और जनहित से जुड़ी ऐसी ही अहम खबरों के लिए खबर संवाद छत्तीसगढ़ से जुड़े रहें।
https://samvadchhattisgarh.com

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment