पशुधन विकास मंत्री रामविचार नेताम बोले- देवभोग ब्रांड गुणवत्ता और अटूट विश्वास का प्रतीक

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पशुधन विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम दुर्ग जिले के उरला (कुम्हारी) स्थित छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ मर्यादित देवभोग द्वारा आयोजित दुग्ध किसान सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि देवभोग ब्रांड गुणवत्ता, शुद्धता और अटूट विश्वास का प्रतीक बन चुका है, जिसने देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री नेताम ने उरला दुग्ध संयंत्र में नवीन कैंटीन का उद्घाटन किया। उन्होंने संयंत्र की विभिन्न प्रणालियों का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

पशुपालकों के लिए विशेष मार्गदर्शिका का विमोचन

सम्मेलन में पशुधन विकास मंत्री ने पशुपालकों के लिए तैयार विशेष मार्गदर्शिका पुस्तिकाओं का विमोचन किया। साथ ही देवभोग के रेडियो जिंगल, रिंगटोन और प्रेरक गीत को भी औपचारिक रूप से लॉन्च किया गया।

मंत्री श्री नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार डेयरी क्षेत्र को आत्मनिर्भर, आधुनिक और प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। इसका उद्देश्य किसानों और पशुपालकों की आय में वृद्धि कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

दुग्ध उत्पादकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता

पशुधन विकास मंत्री ने कहा कि पशुपालन को ग्रामीणों के लिए आजीविका का मजबूत माध्यम बनाने के उद्देश्य से दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, विपणन नेटवर्क और तकनीकी सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुग्ध उत्पादकों और किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डेयरी विकास की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू किया जाए।

देशभर में देवभोग की पहचान मजबूत करने पर जोर

मंत्री श्री नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप देवभोग को पूरे देश में गुणवत्ता और विश्वास के मजबूत ब्रांड के रूप में स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके लिए दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता, आधुनिक उत्पादन व्यवस्था, विपणन नेटवर्क और किसानों की भागीदारी को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से दुग्ध उत्पादक किसानों की आय, आत्मनिर्भरता और आर्थिक समृद्धि में निरंतर वृद्धि होगी।

सम्मेलन में पशु चिकित्सा सेवाएं के संचालक श्री चंद्रकांत वर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ के वरिष्ठ अधिकारी, राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) के प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक किसान एवं महिला पशुपालक उपस्थित थे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment