जशपुरनगर, 05 जून 2026। नगरपालिका परिषद जशपुर के वार्ड क्रमांक 8 एवं 14 के उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों सीटों पर जीत दर्ज की है। वार्ड क्रमांक 8 से भाजपा प्रत्याशी प्रेमलता साहू ने कांग्रेस प्रत्याशी को 167 मतों के अंतर से पराजित किया, जबकि वार्ड क्रमांक 14 से भाजपा प्रत्याशी प्रिया सिंह ने 90 मतों से विजय हासिल कर भाजपा का परचम लहराया। भाजपा नेताओं ने इस जीत को विकास, सुशासन और जनता के विश्वास की जीत बताया है।
परिणाम घोषित होते ही मतगणना स्थल पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया और “जय जूदेव” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इसके बाद विजयी प्रत्याशियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रणजीता स्टेडियम के समीप स्थित स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
विजयी प्रत्याशियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव, विधायक रायमुनि भगत तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान नेताओं ने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे भाजपा की नीतियों, संगठन की एकजुटता और जनविश्वास की जीत बताया।
पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव ने कहा कि जशपुर की जनता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों पर एक बार फिर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि उप चुनाव के परिणाम यह स्पष्ट संकेत देते हैं कि जनता विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ मजबूती से खड़ी है।
विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि बीते वर्षों में नगरपालिका क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। जनता ने इन्हीं विकास कार्यों पर विश्वास जताते हुए भाजपा को समर्थन दिया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि यह जीत भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की मजबूती और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करती है और यही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
उल्लेखनीय है कि उप चुनाव के दौरान भाजपा संगठन द्वारा बूथ स्तर तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया था। चुनाव परिणाम के बाद नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजय उत्सव मनाया और इसे विकास, सुशासन तथा जनता के विश्वास की जीत बताया।
जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि उप चुनाव में मिली यह सफलता संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर जनता के भरोसे का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।