मोटरसाइकिल पर हथियार जैसा दिखने वाला लाइटर लहराकर युवक ने बनाई थी रील, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई

रायगढ़: सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बटोरने के लिए हथियार अथवा हथियार जैसे दिखने वाले सामान का प्रदर्शन कर रील बनाना अब भारी पड़ सकता है। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चलाते हुए पिस्टलनुमा लाइटर हाथ में लेकर रील बनाने के मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

मामला खरसिया थाना क्षेत्र के छोटेमुडपार का है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव ने थाना खरसिया पुलिस को वीडियो की तस्दीक कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान खेम सिंह रौतिया, पिता गणेश राम, उम्र 22 वर्ष, निवासी छोटेमुडपार, खरसिया के रूप में की। इसके बाद उप निरीक्षक अमरनाथ शुक्ला, प्रधान आरक्षक खीरेन्द्र जलतरे एवं आरक्षक विशोप सिंह की टीम ने युवक को तलब कर वीडियो के संबंध में पूछताछ की।

पूछताछ में खेम सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने 28 अगस्त को अपने मोबाइल से पिस्टलनुमा लाइटर हाथ में लेकर मोटरसाइकिल पर रील बनाई थी और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया था।

पुलिस ने युवक को समझाइश देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर हथियार जैसे दिखने वाली वस्तुओं का प्रदर्शन कर वीडियो या रील बनाने से लोगों में भय और गलत संदेश उत्पन्न हो सकता है। ऐसी गतिविधियों से बचना आवश्यक है।

पुलिस की समझाइश के दौरान मोहल्ले के लोगों द्वारा शिकायत किए जाने की बात को लेकर युवक द्वारा उतावलेपन में व्यवहार किए जाने पर खरसिया पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। युवक को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर थाना लाया गया। इसके बाद थाना खरसिया में धारा 170 बीएनएसएस/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

रायगढ़ पुलिस की अपील

रायगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए हथियार अथवा हथियार जैसे दिखने वाले सामान का प्रदर्शन कर रील या वीडियो न बनाएं। ऐसे वीडियो से समाज में भय का वातावरण बन सकता है और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें, जिससे पुलिस को वैधानिक कार्रवाई करनी पड़े।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment