जशपुर, 12 जुलाई 2026। जशपुर जिले के ग्राम दोकड़ा स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित होने वाले रथ यात्रा महोत्सव–2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया जा रहा है। रथ सज्जा, पूजा-अर्चना, श्रद्धालुओं की सुविधाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर मंदिर समिति युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। इस वर्ष महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर समिति के अनुसार 14 जुलाई को नेत्र उत्सव एवं नवयौवन दर्शन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ होगा। इसके बाद 16 जुलाई को भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जाएगी।
रथ यात्रा के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय होंगे। दोनों पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गजपति महाराज की परंपरा का निर्वहन करेंगे, जो इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
महोत्सव के दौरान ओडिशा की प्रसिद्ध कीर्तन मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही रंगोली, चित्रकला, लिटिल चैंप और फूल-माला प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा तथा प्रतिदिन श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।
आयोजन के अगले चरण में 24 जुलाई को बाहुड़ा यात्रा, 25 जुलाई को सुना वेश, 26 जुलाई को अधर पाना और 27 जुलाई को नीलाद्री विजय के साथ महोत्सव का विधिवत समापन होगा।
17 से 21 जुलाई तक होगी श्री जगन्नाथ कथा
मंदिर आयोजन समिति के अनुसार 17 से 21 जुलाई तक प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक मौसी बाड़ी समीप मिडिल स्कूल प्रांगण में श्री जगन्नाथ कथा का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं श्रीमती कौशल्या साय के विशेष सानिध्य में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कथा वाचक एवं कीर्तनकार कामता प्रसाद शरण श्रद्धालुओं को भगवान श्री जगन्नाथ महाप्रभु की दिव्य कथा का श्रवण कराएंगे।
मंदिर समिति ने क्षेत्र एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर रथ यात्रा और सभी धार्मिक आयोजनों में सहभागिता निभाने तथा पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।