रायपुर, 11 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत निर्मित ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता और रखरखाव को और बेहतर बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक अपनाने का निर्णय लिया है। उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री विजय शर्मा ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को AI आधारित सड़क निरीक्षण प्रणाली को शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए।
नई व्यवस्था के तहत प्रदेश की प्रत्येक पीएमजीएसवाई सड़क का हर माह वीडियो आधारित निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए विशेष AI आधारित मोबाइल ऐप और डैशबोर्ड तैयार किया गया है। AI तकनीक वीडियो के माध्यम से सड़कों पर मौजूद गड्ढों, दरारों और अन्य क्षतियों की स्वतः पहचान कर उनका विश्लेषण करेगी, जिससे सड़कों की वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन संभव होगा।
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि AI से प्राप्त डेटा के आधार पर सर्वाधिक क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता देते हुए उनके रखरखाव और मरम्मत की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इससे संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस नई प्रणाली का पायलट प्रोजेक्ट शनिवार से प्रदेश के प्रत्येक जिले में एक-एक चयनित सड़क पर शुरू किया जाए। प्रारंभिक परिणामों के विश्लेषण के बाद इसे पूरे राज्य में लागू किया जाएगा। इस तकनीक से सड़कों की समय पर मरम्मत होने के साथ उनकी गुणवत्ता और आयु में भी सुधार होगा।
समीक्षा बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा, सचिव श्री भीम सिंह, सचिव श्री धर्मेश साहू, प्रधानमंत्री आवास योजना के संचालक श्री तारन प्रकाश सिन्हा, एनआरएलएम के संचालक श्री अश्वनी देवांगन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।