रायपुर: सहकारिता और स्वास्थ्य का संदेश देने 3 जुलाई को होगी ‘सहकार संकल्प दौड़’, मरीन ड्राइव में जुटेंगे हजारों प्रतिभागी

रायपुर, 2 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ शासन के सहकारिता विभाग द्वारा सहकारिता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के उद्देश्य से 3 जुलाई को राजधानी रायपुर में भव्य ‘सहकार संकल्प दौड़’ का आयोजन किया जाएगा। “सहकारिता की भावना के साथ, एक कदम समृद्ध छत्तीसगढ़ की ओर” थीम पर आधारित इस आयोजन में प्रदेशभर के नागरिक एक साथ दौड़कर एकता, सहयोग और स्वास्थ्य का संदेश देंगे।

रायपुर, 2 जुलाई 2026। सहकारिता विभाग के अनुसार दौड़ का आयोजन शुक्रवार, 3 जुलाई को सुबह 6 बजे रायपुर के मरीन ड्राइव (तेलीबांधा) से किया जाएगा। इस कार्यक्रम में युवा, विद्यार्थी, किसान, सहकारी संस्थाओं के सदस्य सहित विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य सहकारिता के महत्व को जन-आंदोलन के रूप में स्थापित करना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

दौड़ में पुरुष एवं महिला वर्ग के प्रतिभागियों के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इससे लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

सहकार संकल्प दौड़ केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि जनजागरण का अभियान है। इसके माध्यम से समाज में सहयोग, सहभागिता और सामूहिक विकास की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम का मूल उद्देश्य “सहकारिता से समृद्धि”, “साथ चलें, साथ बढ़ें” तथा “स्वस्थ समाज, समृद्ध प्रदेश” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।

सहकारिता विभाग ने प्रदेशवासियों से इस आयोजन में उत्साहपूर्वक शामिल होने की अपील की है। विभाग का मानना है कि व्यापक जनभागीदारी से सहकारिता आंदोलन को नई ऊर्जा मिलेगी और आत्मनिर्भर एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के लक्ष्य को गति मिलेगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment