जशपुर। समाचार पत्र में प्रकाशित “राशन के लिए हाहाकार, 3 महीने से चावल को तरस रहे ग्रामीण” शीर्षक से प्रकाशित खबर के संबंध में खाद्य निरीक्षक पत्थलगांव द्वारा ग्राम पंचायत कर्राबेवरा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान की जांच की गई।
जांच के दौरान पाया गया कि उक्त शासकीय उचित मूल्य दुकान का संचालन ग्राम पंचायत द्वारा किया जा रहा है। दुकान में कुल 448 राशनकार्ड पंजीकृत हैं। खाद्य विभाग की जांच में हितग्राहियों को नियमित रूप से खाद्यान्न वितरण किए जाने की जानकारी सामने आई।
जांच दिनांक तक 254 राशनकार्डधारियों को राशन का वितरण किया जा चुका था, जबकि शेष हितग्राहियों के लिए भी शासकीय उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न उपलब्ध पाया गया। वहीं माह अगस्त के राशन का वितरण कार्य जांच के दौरान जारी था।
खाद्य विभाग की जांच के अनुसार कर्राबेवरा की शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण की प्रक्रिया नियमित रूप से संचालित हो रही है तथा शेष हितग्राहियों को भी उपलब्ध खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है।