जशपुर में बिना ई-केवाईसी नहीं मिलेगा राशन! जल्दी करें अपडेट, वरना हो सकती है परेशानी

जशपुरनगर, 17 मार्च 2026। भारत सरकार के उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के निर्देशानुसार “एक राष्ट्र एक राशन कार्ड” योजना के अंतर्गत सभी राशन कार्ड धारियों का ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया गया है। इस संबंध में कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले के सभी हितग्राहियों का ई-केवाईसी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए।

कलेक्टर श्री व्यास ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि जिन पंजीकृत हितग्राहियों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराया है, वे भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए जल्द से जल्द अपनी प्रक्रिया पूर्ण कर लें।

जिला खाद्य अधिकारी के अनुसार, जिले में वर्तमान में 2,66,620 राशन कार्ड प्रचलित हैं, जिनमें 9,23,233 सदस्य पंजीकृत हैं। इनमें से अब तक 8,16,193 सदस्यों का ई-केवाईसी पूर्ण किया जा चुका है, जबकि 1,07,040 सदस्यों का ई-केवाईसी शेष है। भारत सरकार द्वारा 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को इस प्रक्रिया से छूट प्रदान की गई है।

हितग्राहियों की सुविधा के लिए शासकीय उचित मूल्य दुकानों में संचालित ई-पॉस (E-POS) मशीनों के माध्यम से ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा, “मेरा ई-केवाईसी” मोबाइल ऐप के जरिए भी यह प्रक्रिया आसानी से पूरी की जा सकती है। ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर राज्य का चयन, आधार नंबर दर्ज करने, ओटीपी सत्यापन और फेस ई-केवाईसी के माध्यम से प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment