रायगढ़ में सोशल मीडिया दोस्ती का गलत फायदा, नाबालिग से जबरन संबंध व ₹10 हजार की वसूली

Please Share With Your Friends Also

रायगढ़, 17 मार्च 2026। रायगढ़ जिले के महिला थाना में 15 मार्च 2026 को 17 वर्षीय बालिका अपने परिजनों के साथ उपस्थित होकर उध्दव दास महंत (21 वर्ष), निवासी टाड़ीपार वार्ड क्रमांक 06, थाना केडार जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, वर्तमान निवास बाजीपाली (थाना जूटमिल, रायगढ़) के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाने एवं डरा-धमकाकर ₹10,000 लेने की शिकायत दर्ज कराई। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना द्वारा तत्काल अपराध क्रमांक 18/2026 धारा 64, 351(3) बी.एन.एस. तथा 04 पोक्सो एक्ट के तहत मामला कायम कर आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पीड़िता ने बताया कि उसकी मुलाकात आरोपी से मामा के गांव में हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत शुरू हुई। 26 जनवरी को आरोपी उसे स्कूल के पास से मोटरसाइकिल में बैठाकर घुमाने के बहाने अपने किराए के मकान बाजीपाली ले गया, जहां बहला-फुसलाकर जबरन संबंध बनाया और किसी को बताने पर धमकी दी। इसके बाद 11 मार्च 2026 को आरोपी ने पीड़िता के घर के पास पहुंचकर उसे डराकर ₹10,000 की मांग की, जिसे भयवश उसने दे दिया। घटना की जानकारी परिजनों को मिलने के बाद पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की गई है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे, विल्फ्रेड मसीह, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, राजेश उरांव एवं थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।

👉 एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश—
“महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध अत्यंत गंभीर श्रेणी में आते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। आमजन से अपील है कि ऐसे मामलों को छिपाएं नहीं, तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि पीड़ित को न्याय और आरोपियों को सजा दिलाई जा सके।”


—

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment