जशपुर: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से मिली राहत, 85 वर्षीय जॉन क्रूज़ मिंज का बना आधार कार्ड

जशपुर, 05 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण जशपुर जिले के ग्राम जोकबहला (ग्राम पंचायत नारायणपुर) निवासी 85 वर्षीय जॉन क्रूज़ मिंज के मामले में देखने को मिला, जिनकी वर्षों पुरानी आधार कार्ड संबंधी समस्या का समाधान महज तीन दिनों में हो गया।

जॉन क्रूज़ मिंज लंबे समय से आधार कार्ड बनवाने का प्रयास कर रहे थे। कई बार आधार नामांकन केंद्र पहुंचने के बावजूद फिंगरप्रिंट मैच नहीं होने तथा अन्य तकनीकी कारणों से उनका आवेदन निरस्त हो जाता था। आधार कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें बैंकिंग सेवाओं, पेंशन, राशन, आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

समस्या के समाधान के लिए उन्होंने 19 जून 2026 को छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग और जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों द्वारा आवश्यक समन्वय स्थापित कर तकनीकी बाधाओं को दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए गए।

प्रशासन की तत्परता का परिणाम यह रहा कि 22 जून 2026 को जॉन क्रूज़ मिंज का आधार कार्ड सफलतापूर्वक बन गया। आधार कार्ड प्राप्त होने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन तथा संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए खुशी जाहिर की।

जॉन क्रूज़ मिंज ने कहा कि आधार कार्ड नहीं होने से उन्हें कई आवश्यक सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी होती थी। अब आधार कार्ड बनने के बाद वे सभी शासकीय सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

यह सफलता मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनसमस्याओं के त्वरित एवं संवेदनशील निराकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक उदाहरण है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से दर्ज शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए वर्षों पुरानी समस्या का समाधान किया गया, जिससे आम नागरिकों का शासन और प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment