जशपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ, जिला जशपुर ने अनुसूचित क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन के प्रावधानों के अनुरूप प्रतिवर्ष 10 दिन का अतिरिक्त अर्जित अवकाश (Earned Leave) प्रदान किए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) जशपुर को विस्तृत ज्ञापन सौंपा। संघ ने शिक्षा विभाग के सभी पात्र अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस सुविधा का लाभ सुनिश्चित करने के लिए स्थायी आदेश जारी करने की मांग की है।
संघ के जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार, जिला सचिव विजय कुमार पैकरा एवं जिला कोषाध्यक्ष अनुपमा कुजूर के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि अनुसूचित क्षेत्रों में पदस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अतिरिक्त अर्जित अवकाश देने का प्रावधान लंबे समय से प्रभावी है। इसके लिए तत्कालीन मध्यप्रदेश शासन के वित्त विभाग द्वारा 19 जनवरी 1982 को जारी आदेश तथा छत्तीसगढ़ शासन के विधि एवं विधायी कार्य विभाग के 19 सितंबर 2022 के पत्र में भी इस व्यवस्था का स्पष्ट उल्लेख किया गया है।
संघ का कहना है कि इन स्पष्ट प्रावधानों के बावजूद जशपुर जिले के शिक्षा विभाग में कार्यरत अनेक पात्र अधिकारी एवं कर्मचारी अब तक इस वैधानिक सुविधा से वंचित हैं। विभागीय स्तर पर स्थायी आदेश जारी नहीं होने के कारण कर्मचारियों को अतिरिक्त अर्जित अवकाश का लाभ नियमित रूप से नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनमें असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि शिक्षा विभाग में कार्यरत अधिकारी, कर्मचारी, व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक एवं सहायक शिक्षक (प्रयोगशाला) सहित सभी पात्र कर्मचारियों को शासन के नियमों के अनुरूप प्रतिवर्ष 10 दिन का अतिरिक्त अर्जित अवकाश प्रदान करने के लिए शीघ्र आवश्यक आदेश जारी किए जाएं। संघ ने यह भी आग्रह किया कि जिले के सभी विकासखंडों में इस व्यवस्था का एक समान पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी कर्मचारी के साथ भेदभाव की स्थिति उत्पन्न न हो।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों में सेवाएं देने वाले कर्मचारियों को विशेष परिस्थितियों में कार्य करना पड़ता है। ऐसे क्षेत्रों की भौगोलिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही शासन ने अतिरिक्त अर्जित अवकाश का प्रावधान किया है। इसलिए इसका लाभ सभी पात्र कर्मचारियों तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी से आग्रह किया कि शासन के आदेशों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए शीघ्र आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, जिससे लंबे समय से लंबित इस मांग का समाधान हो सके और कर्मचारियों को उनका वैधानिक अधिकार प्राप्त हो।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रेमी, जिला संरक्षक डॉ. मिथलेश पाठक, कार्यकारी अध्यक्ष मधु पैकरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दादू प्रसाद चंद्रा, उपाध्यक्ष अजय कुमार, जानकी साहू, रामकुमार आदित्य, सह-सचिव मंजू भारती, संगठन प्रमुख आशीष शर्मा, प्रवक्ता सागर विश्वकर्मा, जिला कार्यकारिणी सदस्य बंगला रात्रे, ज्योति चाणक्य एवं मनोहर टोप्पो सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इस दौरान संघ की विभिन्न विकासखंड इकाइयों के अध्यक्ष साधना भारती (कांसाबेल), अजय कुमार उरांव (फरसाबहार), नर्मिता नायक (कुनकुरी), देवकी प्रधान (जशपुर), दिव्या ज्योति कुजूर (बगीचा), रविशंकर पैकरा (पत्थलगांव), महेंद्र यादव (मनोरा) तथा पुष्पलाल नेताम (दुलदुला) ने भी शासन के आदेशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि अनुसूचित क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों को उनका वैधानिक अधिकार बिना किसी विलंब के प्रदान किया जाना चाहिए।