तेरहवीं के दिन दिवंगत आरक्षक के घर पहुंचे एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, पुत्र को सौंपा अनुकम्पा नियुक्ति पत्र

जशपुर: एसडीओपी कार्यालय जशपुर में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह के पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को उनके पिता की मृत्यु के बाद आरक्षक के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति दी गई है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस परिवार के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए नियुक्ति संबंधी विभागीय कार्यवाही को प्राथमिकता के साथ त्वरित गति से पूर्ण कराया।

23 सितंबर 2026 को दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह की तेरहवीं के अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं उनके गृह ग्राम जुरतेला, पोस्ट पिलखी, थाना लोदाम पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आरक्षक की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसी दौरान उन्होंने दिवंगत आरक्षक के पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक के पद पर अनुकम्पा नियुक्ति का नियुक्ति पत्र प्रदान किया।

उपचार के दौरान 11 सितंबर को हुआ था निधन

ज्ञातव्य है कि एसडीओपी कार्यालय जशपुर में पदस्थ आरक्षक देव नारायण सिंह का स्वास्थ्य खराब होने के कारण उन्हें उपचार के लिए बालाजी हॉस्पिटल रायपुर में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 11 सितंबर 2026 को उनका देहावसान हो गया।

स्वर्गीय आरक्षक देव नारायण सिंह की वर्ष 2007 में जिला पुलिस बल जशपुर में आरक्षक के पद पर नियुक्ति हुई थी। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर, थाना सन्ना, सिटी कोतवाली जशपुर, एसडीओपी कार्यालय कुनकुरी एवं एसडीओपी कार्यालय जशपुर में अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

पुलिस परिवार के साथ खड़ा है पूरा जशपुर पुलिस परिवार

दिवंगत आरक्षक के निधन की सूचना के बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने उनके परिवार की स्थिति एवं भविष्य को लेकर संवेदनशीलता दिखाते हुए अनुकम्पा नियुक्ति संबंधी विभागीय कार्यवाही को प्राथमिकता के साथ त्वरित गति से पूर्ण कराया।

इस अवसर पर पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह ने दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह की सेवाओं को स्मरण करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में सेवा देने वाला प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी जशपुर पुलिस परिवार का अभिन्न अंग है। किसी कर्मचारी के असमय निधन से उसके परिवार पर आने वाली कठिनाइयों को समझते हुए पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है।

उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में जशपुर पुलिस परिवार उनके साथ है। भविष्य में परिवार को किसी भी प्रकार की आवश्यकता अथवा समस्या आने पर यथासंभव सहयोग एवं सहायता प्रदान की जाएगी।

पुलिस कप्तान ने दिवंगत आरक्षक की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करने की कामना की।

ये अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, डीएसपी कुंज राम चौहान, डीएसपी आजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी शुभम कुमार तिवारी, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक जशपुर अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी लोदाम कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment