कभी पैरों पर खड़ी होना भी था मुश्किल, दो साल के निःशुल्क उपचार के बाद पहुंची कक्षा 11वीं तक
रायपुर, 17 नवंबर 2026। कभी गंभीर बीमारी के कारण घुटनों के बल चलने को मजबूर रही सुकमा जिले की दीपिका नाग आज अपने सपनों की उड़ान भर रही हैं। हड्डी की टीबी (बोन टीबी) जैसी गंभीर बीमारी से जूझने वाली दीपिका ने न केवल बीमारी को मात दी, बल्कि अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश भी हासिल किया। आज वह कक्षा 11वीं की मेधावी छात्रा के रूप में अपने सुनहरे भविष्य की तैयारी कर रही हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और संवेदनशील पहल के साथ जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की बेहतर चिकित्सा सेवाओं ने दीपिका के जीवन में नई उम्मीद जगाई। समय पर बीमारी की पहचान, निरंतर उपचार और पोषण सहायता से दीपिका पूरी तरह स्वस्थ होकर दोबारा अपने पैरों पर खड़ी हुईं और दौड़ना भी शुरू कर दिया।
वर्ष 2020 में जिला अस्पताल पहुंची थी दीपिका, जांच में हुई बोन टीबी की पहचान
सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड के ग्राम बकुला घाट निवासी स्वर्गीय तुलसीराम नाग की पुत्री दीपिका को वर्ष 2020 में गंभीर शारीरिक तकलीफ के चलते जिला अस्पताल लाया गया था। उनकी स्थिति इतनी गंभीर थी कि वह अपने पैरों पर खड़ी होने में भी असमर्थ थीं और घुटनों के बल चलने को मजबूर थीं।
जिला अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेश कुशवाहा ने गहन जांच के बाद पाया कि दीपिका बोन टीबी से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य अमले ने बच्ची को बाहर रेफर करने के बजाय जिले में ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। इसके बाद उन्हें एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रखकर सघन निगरानी में उपचार दिया गया।
निःशुल्क इलाज और पोषण सहायता ने बदली जिंदगी
जिला प्रशासन सुकमा के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता से लगभग दो वर्षों तक दीपिका का निरंतर और पूरी तरह निःशुल्क उपचार किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत उन्हें नियमित जांच और पोषण आहार के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
लगातार उपचार और पोषण सहायता का सकारात्मक परिणाम सामने आया। इस दौरान दीपिका का वजन 15 किलोग्राम बढ़ा और धीरे-धीरे उनकी सेहत में सुधार होता गया। गंभीर बीमारी से उबरकर उन्होंने फिर से अपने पैरों पर खड़ा होना और दौड़ना शुरू कर दिया।
नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा पास कर हासिल की नई मंजिल
बीमारी को मात देने के बाद दीपिका ने अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित किया। अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत के दम पर उन्होंने प्रतिष्ठित जवाहर नवोदय विद्यालय, सुकमा की प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की। वर्तमान में वह विद्यालय में कक्षा 11वीं की पढ़ाई कर रही हैं और अपने भविष्य को संवारने में जुटी हैं।
प्रशासन की ओर से दीपिका के स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग आज भी जारी है। हाल ही में दिवाली की छुट्टियों के दौरान जिला टीबी समन्वयक श्री जयनारायण सिंह ने उनके घर पहुंचकर स्वास्थ्य का फॉलोअप लिया। इस दौरान उन्हें वर्ष 2020 की वह पुरानी तस्वीर दिखाई गई, जब वह अस्पताल में भर्ती थीं। अपनी पुरानी तस्वीर देखकर दीपिका भावविभोर हो उठीं और उनके चेहरे पर संतुष्टि भरी मुस्कान बिखर गई।
परिवार ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग के प्रति जताया आभार
दीपिका और उनके परिवार ने नया जीवन और बेहतर भविष्य देने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।
सुकमा की दीपिका नाग की कहानी उन तमाम बच्चों और परिवारों के लिए उम्मीद की मिसाल है, जो गंभीर बीमारी और कठिन परिस्थितियों से जूझ रहे हैं। यह कहानी बताती है कि सही समय पर उपचार, निरंतर देखभाल और मजबूत इच्छाशक्ति से जिंदगी की मुश्किल राहों को भी सफलता के रास्ते में बदला जा सकता है।
ऐसी ही प्रेरणादायक कहानियों, छत्तीसगढ़ की खबरों और देश-दुनिया के ताजा समाचारों के लिए पढ़ते रहें संवाद छत्तीसगढ़। विजिट करें: samvadchhattisgarh.com।