जशपुर: धान खरीदी सीजन से पहले अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जशपुर जिला प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में दुलदुला तहसील क्षेत्र में झारखंड से अवैध रूप से धान का परिवहन कर रहे दो पिकअप वाहनों को जब्त किया गया है। जांच के दौरान धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशन में जिले में अवैध धान परिवहन रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 24 अक्टूबर की रात तहसीलदार दुलदुला श्री राहुल कौशिक और खाद्य निरीक्षक श्री संदीप गुप्ता की तत्परता से यह कार्रवाई की गई।
बताया गया कि दोनों पिकअप वाहनों में झारखंड के कुरडेग से धान लोड कर छत्तीसगढ़ के नारायणपुर चराईमारा की ओर ले जाया जा रहा था। जांच के दौरान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने दोनों पिकअप वाहनों सहित धान जब्त कर थाना दुलदुला के सुपुर्द कर दिया।
मंडी निरीक्षक को प्रकरण तैयार करने के निर्देश
मामले में आवश्यक कार्रवाई करने और प्रकरण तैयार करने के लिए मंडी निरीक्षक को सूचित किया गया है। नियमानुसार आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है।
झारखंड सीमा पर अवैध धान परिवहन रोकने निगरानी तेज
दुलदुला तहसील झारखंड की सीमा से लगा हुआ है। धान खरीदी सीजन में दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की आशंका को देखते हुए जिला और स्थानीय प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। सघन जांच अभियान के माध्यम से ऐसे मामलों पर कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन का जोर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध परिवहन पर रोक लगाने पर है। इसके लिए जांच अभियान जारी रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।