कांकेर: जिला मुख्यालय कांकेर में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी पहल की गई है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिला स्तरीय बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण के लिए 7 करोड़ 60 लाख 34 हजार रुपए की राशि मंजूर की है। क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत सिंगारभाट स्टेडियम की चिन्हित भूमि पर 4000 दर्शक क्षमता वाले बहुउद्देश्यीय स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन द्वारा मंत्रालय से प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया गया है। स्टेडियम के निर्माण से जिले के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।
400 मीटर का 8-लेन सिंथेटिक रनिंग ट्रैक बनेगा
स्वीकृत राशि से स्टेडियम परिसर में खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न आधुनिक सुविधाओं का निर्माण किया जाएगा। इसमें 400 मीटर 8-लेन सिंथेटिक रनिंग ट्रैक प्रमुख रूप से शामिल है।
इसके अलावा मिनी जिम, महिला एवं पुरुष शौचालय, सीसी रोड, आरसीसी ड्रेन और ओपन स्टेज का भी निर्माण किया जाएगा। इन सुविधाओं से स्टेडियम में खेल गतिविधियों के साथ विभिन्न आयोजनों के लिए भी बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध होगी।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर
उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने स्टेडियम निर्माण में उपयोग की जाने वाली सामग्रियों और संपूर्ण निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। शासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि किसी भी स्तर पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निर्माण एजेंसी को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य करने तथा निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
समय-सीमा में निविदा और निर्माण पूरा करने के निर्देश
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही निर्माण कार्य के प्राक्कलन और कार्य संपादन में मितव्ययिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
विभाग ने निर्माण एजेंसी से अनुबंधित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा कराना सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि स्टेडियम का लाभ खिलाड़ियों और आम नागरिकों को जल्द मिल सके।
अनावश्यक समय-सीमा वृद्धि पर रोक
विभाग ने निर्माण कार्य की समय-सीमा में अनावश्यक वृद्धि नहीं करने के भी निर्देश दिए हैं। केवल अपरिहार्य एवं नियंत्रण से बाहर माने जाने वाले कारणों के आधार पर ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-सीमा बढ़ाई जा सकेगी।
निर्माण कार्य की अवधि बढ़ाए जाने की स्थिति में नियमानुसार अर्थदंड सहित टाइम एक्सटेंशन (Time Extension) अधिरोपित करने के निर्देश दिए गए हैं।
खेल प्रतिभाओं को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
कांकेर में बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण से जिले के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल अधोसंरचना उपलब्ध होगी। सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, मिनी जिम और अन्य आवश्यक सुविधाओं के निर्माण से एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण से कांकेर में खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा तथा जिले में खेल संस्कृति को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।