सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों को मिली शासन की योजनाओं की जानकारी, समस्याओं का हुआ समाधान

जशपुर। सेवा संकल्प अभियान 2026 एवं ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत जिले के विभिन्न विकासखंडों के ग्रामों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उनकी विभिन्न समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जा रहा है।

इसी क्रम में विगत दिवस पत्थलगांव विकासखंड के ग्राम बुलडेगा, मनोरा विकासखंड के ग्राम बेजोंरा तथा जनपद पंचायत बगीचा एवं कांसाबेल क्षेत्र में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए गए।

विभागीय योजनाओं और पात्रता की दी गई जानकारी

शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, उनकी पात्रता एवं योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

शिविर में खाद्य विभाग, कृषि विभाग, राजस्व विभाग, श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को प्रदान की गई।

राशन, पेंशन, आयुष्मान और आधार से जुड़े आवेदन लिए गए

शिविर के दौरान ग्रामीणों से राशन, पेंशन, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य योजनाओं एवं शासकीय सेवाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया गया, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही अपनी समस्याओं के समाधान की सुविधा मिली।

हितग्राहियों को सामग्री वितरण, आवास हितग्राहियों को मिली खुशियों की चाबी

सेवा सेतु शिविर में विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री का वितरण भी किया गया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभान्वित हितग्राहियों को उनके नए भवन की खुशियों की चाबी सौंपी गई।

गांव में ही मिल रही शासकीय योजनाओं और सेवाओं की सुविधा

सेवा सेतु शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अपने गांव में ही शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी और सुविधा मिल रही है। इससे ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। साथ ही, शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में भी इन शिविरों की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment