पात्र बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने स्वास्थ्य विभाग ने बनाई कार्ययोजना, घर-घर सर्वे और विद्यालयवार माइक्रोप्लानिंग पर जोर
जशपुरनगर, 13 नवंबर 2026। बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से जशपुर जिले में स्वास्थ्य विभाग ने ‘मिशन HPV सुरक्षा कवच-जशपुर 2026’ की तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए होटल निर्वाणा, जशपुर में जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पात्र बालिकाओं के शत-प्रतिशत चिन्हांकन और टीकाकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी.के. इन्दवार, सहायक नोडल अधिकारी गोविन्द चौहान, टीकाकरण शाखा प्रभारी मनीषा कुजूर सहित जिले के आठों विकासखंडों के बीएमओ, सेक्टर चिकित्सा अधिकारी एवं पीएचसी प्रभारी उपस्थित रहे।
कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से न रहे वंचित : डॉ. जात्रा
बैठक को संबोधित करते हुए सीएमएचओ डॉ. जी.एस. जात्रा ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी गंभीर समस्या है। इसकी रोकथाम में HPV टीकाकरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले की कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित नहीं रहनी चाहिए।
इसके लिए पात्र बालिकाओं का चिन्हांकन, घर-घर सर्वे, विद्यालयवार सूची तैयार करने, अभिभावकों की काउंसलिंग, माइक्रोप्लानिंग और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाली बालिकाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
वैक्सीन प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर दिया प्रशिक्षण
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी.के. इन्दवार ने HPV टीकाकरण की प्रक्रिया, वैक्सीन के सुरक्षित प्रबंधन, कोल्ड चेन व्यवस्था, AEFI किट और आपातकालीन प्रबंधन के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने अभियान के दौरान लोगों के मन में मौजूद भ्रांतियों को वैज्ञानिक तथ्यों के माध्यम से दूर करने की आवश्यकता बताई।
वहीं जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजीव रंजन मिश्रा ने अभियान के प्रशासनिक प्रबंधन, विभागीय समन्वय एवं रिपोर्टिंग व्यवस्था की जानकारी दी। सहायक नोडल अधिकारी गोविन्द चौहान ने संशोधित रैपिड एक्शन प्लान, माइक्रोप्लानिंग, घर-घर हेड काउंट सर्वे और फॉलोअप की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की।
23 नवंबर से शुरू होगा प्रथम चरण का टीकाकरण
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए कार्यक्रम निर्धारित किया है।
अभियान का निर्धारित कार्यक्रम इस प्रकार है—
- 12 नवंबर: जिला स्तरीय प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक।
- 13-14 नवंबर: ब्लॉक स्तरीय बैठक एवं मितानिनों द्वारा घर-घर हेड काउंट सर्वे।
- 16-18 नवंबर: विद्यालयवार जानकारी संकलन एवं माइक्रोप्लानिंग।
- 20-21 नवंबर: सर्वे सत्यापन एवं अंतिम तैयारी।
- 23-28 नवंबर: प्रथम चरण का HPV टीकाकरण अभियान।
- 30 नवंबर: जिला स्तरीय समीक्षा बैठक।
- 1-4 दिसंबर: द्वितीय चरण के लिए संशोधित माइक्रोप्लान।
- 7-12 दिसंबर: छूटी हुई बालिकाओं का फॉलोअप एवं विशेष टीकाकरण सत्र।
- 14 दिसंबर: द्वितीय चरण की अंतिम समीक्षा।
जनजागरूकता और अभिभावकों की सहभागिता पर जोर
बैठक में अभियान की सफलता के लिए जनजागरूकता बढ़ाने, अभिभावकों को HPV टीकाकरण के प्रति जागरूक करने तथा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि सुनियोजित सर्वे, प्रभावी मॉनिटरिंग और व्यापक जनभागीदारी के माध्यम से जिले की प्रत्येक पात्र बालिका तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाई जा सके।
जशपुर जिले की स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रशासन और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों के लिए पढ़ते रहें संवाद छत्तीसगढ़।