जशपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं द्वारा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नाम राखी भेजने का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में देवदांड सेक्टर अंतर्गत जितुटोली की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री को राखी भेजकर उनके उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
यह अभियान छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ की कार्यकारी प्रांताध्यक्ष एवं जशपुर जिलाध्यक्ष श्रीमती कविता यादव के नेतृत्व में जिले के विभिन्न सेक्टरों और आंगनबाड़ी केंद्रों में चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से आंगनबाड़ी बहनें मुख्यमंत्री को भाई मानते हुए रक्षाबंधन का पर्व मना रही हैं और साथ ही अपनी वर्षों पुरानी मांगों एवं समस्याओं की ओर उनका ध्यान आकर्षित कर रही हैं।
राखी के साथ भेजा मांगों से संबंधित पत्र
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास, सम्मान और सुरक्षा के अटूट रिश्ते का प्रतीक है।
पत्र के माध्यम से कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने बताया कि वे वर्षों से महिला एवं बाल विकास, पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य तथा सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों और शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं को गांव-गांव एवं घर-घर तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभा रही हैं।
आंगनबाड़ी बहनों ने मुख्यमंत्री से उनके सम्मान, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन तथा अन्य अधिकारों से संबंधित विषयों पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री उनके भाई के रूप में उनकी जायज मांगों और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ विचार करेंगे।
‘राखी केवल धागा नहीं, प्यार और उम्मीद का प्रतीक’
राखी संदेश में आंगनबाड़ी बहनों ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर भेजी गई राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि आंगनबाड़ी बहनों के प्यार, भरोसे और उम्मीद का प्रतीक है।
उनका कहना है कि शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में उन्हें सम्मानजनक मानदेय, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन और अन्य अधिकारों के संबंध में ठोस निर्णय की आवश्यकता है।
जितुटोली में बैठक कर अभियान को दिया गया समर्थन
जितुटोली में आयोजित बैठक के दौरान उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने एकजुट होकर मुख्यमंत्री के नाम राखी भेजने के अभियान को सफल बनाने में भूमिका निभाई। राखी के साथ मुख्यमंत्री के नाम मांगों से संबंधित आवेदन भी भेजा गया।
बैठक में कविता यादव, मंगलमणि भगत, सुषमा भगत, लक्ष्मनिया भगत, पुनीता यादव, उचित यादव, रुक्मणी यादव एवं प्रमिला यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यकारी प्रांताध्यक्ष एवं जशपुर जिलाध्यक्ष श्रीमती कविता यादव ने बताया कि जिले के विभिन्न सेक्टरों और आंगनबाड़ी केंद्रों से मुख्यमंत्री के नाम राखी भेजने का अभियान लगातार जारी है। इस अभियान के माध्यम से आंगनबाड़ी बहनें मुख्यमंत्री तक अपना स्नेह, विश्वास और अपनी मांगों को एक साथ पहुंचा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इसलिए उनके सम्मानजनक मानदेय, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन और अधिकारों से जुड़े विषयों पर सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा है।
जितुटोली की आंगनबाड़ी बहनों ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि वे उनके विश्वास और उम्मीदों को समझते हुए उनके हित में न्यायपूर्ण एवं सकारात्मक निर्णय लें। रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर बहनों का संदेश है कि मुख्यमंत्री को भाई मानकर भेजी गई यह राखी उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ी उम्मीदों को भी साथ लेकर गई है।