छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 गौरवशाली वर्ष पूर्ण, जशपुर में भव्यता के साथ मना राज्योत्सव ,’सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम पर सजी सांस्कृतिक संध्या, लोककला और छत्तीसगढ़ी परंपराओं की दिखी मनमोहक झलक

जशपुरनगर, 03 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय स्थित रणजीता स्टेडियम में राज्योत्सव समारोह भव्यता, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला, परंपराओं और विकास की उपलब्धियों का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर समारोह का शुभारंभ किया। पूरे आयोजन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, विभागीय प्रदर्शनी और विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियों ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

इस वर्ष राज्योत्सव की मुख्य थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है। इस थीम के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, सशक्तिकरण तथा युवाओं के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसरों को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। राज्योत्सव के आयोजन में इसी भावना को केंद्र में रखते हुए महिला सशक्तिकरण, आदिवासी संस्कृति, सामाजिक जागरूकता और युवा प्रतिभाओं को विशेष स्थान दिया गया।

रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, लोककला और परंपराओं की दिखी झलक
राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में जिले के विभिन्न विद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों एवं सांस्कृतिक समूहों के प्रतिभागियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। सरस्वती शिशु मंदिर जशपुर, सरस्वती शिशु मंदिर जशपुर (जूनियर), जय हो टीम जशपुर, सेंट जोसेफ इंग्लिश मीडियम विद्यालय जशपुर, सेंट जोसेफ हिंदी मीडियम पूर्व माध्यमिक विद्यालय जशपुर, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जशपुर, पीएम श्री विद्यालय पत्थलगांव एवं कोतबा, सरस्वती कथक कला केंद्र, श्री महावीर दिगंबर जैन हाईस्कूल जशपुर, डीपीएस हाईस्कूल जशपुर, होली क्रॉस जशपुर, शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जशपुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गम्हरिया तथा कल्याण आश्रम जशपुर सहित विभिन्न संस्थानों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

विद्यार्थियों एवं कलाकारों ने छत्तीसगढ़ महतारी की वंदना, राजकीय गीत, छत्तीसगढ़ी लोकगीत, आदिवासी नृत्य, कथक समूह नृत्य, सेमी क्लासिकल एकल नृत्य, भरतनाट्यम, कविता पाठ, नुक्कड़ नाटक एवं मलखंभ जैसी विविध विधाओं में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से साइबर सुरक्षा एवं बाल विवाह जैसी महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया गया। वहीं ‘हमर आदिवासी’, ‘महुआ झरे’, ‘मा झूलनी मा झूल रही’ और ‘दीवारें ऊंची हैं गलियां हैं कम’ जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को लोकसंस्कृति एवं सामाजिक सरोकारों से रूबरू कराया। विशेष रूप से महिला सशक्तिकरण और आदिवासी नारी की भूमिका को दर्शाती प्रस्तुतियों ने राज्योत्सव की मुख्य थीम को जीवंत रूप प्रदान किया।

‘जशपुर झंकार’ और भीम सुमन सांस्कृतिक दल की प्रस्तुतियों ने बढ़ाई समारोह की रौनक
सांस्कृतिक कार्यक्रम के पांचवें सत्र में श्री संदीप शर्मा के नेतृत्व में 10 सदस्यीय दल द्वारा ‘जशपुर झंकार’ के अंतर्गत लोकगीतों की विशेष सांस्कृतिक संध्या प्रस्तुत की गई। लोकगीतों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक संगीत एवं सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली। वहीं छठवें सत्र में भीम सुमन सांस्कृतिक दल के 15 सदस्यीय कलाकारों द्वारा विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह में सांस्कृतिक रंगों की छटा बिखेर दी और दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

विभागीय स्टॉलों में दिखी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की झलक, मुख्य अतिथि ने किया अवलोकन
राज्योत्सव समारोह में विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं जनहितकारी गतिविधियों पर आधारित आकर्षक स्टॉल लगाए गए। मुख्य अतिथि मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं, सेवाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। स्टॉल प्रदर्शनी में उद्यानिकी, रेशम, मत्स्य पालन, पशुधन विकास, कृषि विकास एवं किसान कल्याण, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुष, स्कूल शिक्षा, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आदिमजाति एवं अनुसूचित जाति विकास, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, पुलिस, नगरीय प्रशासन एवं विकास, श्रम, पर्यटन, जिला जनसंपर्क, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, जिला रोजगार कार्यालय, कौशल विकास, विद्युत विभाग, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल सहित विभिन्न विभागों ने सहभागिता निभाई। इन स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं, उनकी पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही विभागों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों, नवाचारों एवं उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया गया।

स्टॉल प्रदर्शनी में उद्यानिकी विभाग प्रथम, रेशम द्वितीय और जल संसाधन विभाग तृतीय
विभागीय स्टॉलों के आकर्षक प्रदर्शन, बेहतर साज-सज्जा, योजनाओं की प्रभावी जानकारी एवं जनोपयोगी गतिविधियों के आधार पर किए गए मूल्यांकन में उद्यानिकी विभाग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं रेशम विभाग को द्वितीय तथा जल संसाधन विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।

हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात, सामग्री का किया गया वितरण
राज्योत्सव के अवसर पर विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक सामग्रियों का वितरण भी किया गया। इसके माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल की गई। सामग्री प्राप्त होने पर हितग्राहियों में उत्साह देखने को मिला। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ ही उन्हें शासकीय सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।

सभी सांस्कृतिक प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह देकर किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत मे पुरस्कार वितरण, आभार प्रदर्शन एवं समापन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले सभी विद्यालयों, संस्थाओं एवं कलाकारों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। बच्चों एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी, आकर्षक वेशभूषा, पारंपरिक नृत्य एवं कला प्रदर्शन ने समारोह में चार चांद लगा दिए। प्रत्येक प्रस्तुति में प्रतिभागियों ने अपनी कला, प्रतिभा और मेहनत का सुंदर प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित दर्शकों ने सराहा। राज्योत्सव का यह भव्य आयोजन छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को सहेजने, नई पीढ़ी को अपनी लोककला एवं परंपराओं से जोड़ने तथा स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने का प्रभावी माध्यम बना। साथ ही विभागीय स्टॉलों के माध्यम से शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों को आम नागरिकों तक पहुंचाने का अवसर मिला। आयोजन ने महिला सशक्तिकरण, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, श्री भरत सिंह, श्री कृष्ण कुमार राय, श्री उपेंद्र यादव, श्री ओम प्रकाश सिन्हा, श्री सुनील गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment