जशपुर: सोनक्यारी में 17 गौवंशों के साथ 3 आरोपी पकड़े गए, सिटी कोतवाली क्षेत्र में 12 गौवंश तस्करों के चंगुल से मुक्त—फरार आरोपियों की तलाश जारी

जशपुर। गौवंशों की अवैध तस्करी और परिवहन के खिलाफ जशपुर पुलिस का ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 29 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। सोनक्यारी पुलिस ने 17 गौवंशों को जंगल के रास्ते झारखंड ले जाते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि सिटी कोतवाली पुलिस ने तड़के करीब 3 बजे जंगल के रास्ते झारखंड ले जाए जा रहे 12 गौवंशों को मुक्त कराया। इस दौरान तस्कर घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

सोनक्यारी में 17 गौवंशों के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

दिनांक 03 अक्टूबर 2026 को चौकी सोनक्यारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम गीधा के भंवरकोना जंगल के रास्ते 17 नग गौवंशों को पैदल झारखंड ले जा रहा है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चौकी सोनक्यारी पुलिस टीम तत्काल भंवरकोना जंगल की ओर रवाना हुई।

पुलिस टीम ने जंगल क्षेत्र में तलाश एवं घेराबंदी की। इस दौरान एक व्यक्ति 17 नग गौवंशों के साथ मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम बालमुकुंद पिता जगमोहन, उम्र 26 वर्ष, निवासी धौरापाठ, थाना सन्ना, जिला जशपुर बताया।

पूछताछ में बालमुकुंद ने पुलिस को बताया कि वह उक्त गौवंशों को ग्राम पंड्रापाठ निवासी पंचू यादव से लेकर गुगुल निवासी दोनापाठ, थाना डुमरी, जिला गुमला (झारखंड) के पास ले जा रहा था। इसके बाद इन गौवंशों को झारखंड ले जाने की तैयारी थी।

पुलिस ने सभी 17 गौवंशों को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान गौवंशों को उपलब्ध कराने एवं आगे ले जाने में पंचू यादव एवं गुगुल अहिर की भूमिका सामने आई। पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया।

इस प्रकार सोनक्यारी प्रकरण में कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।

सिटी कोतवाली पुलिस की तड़के 3 बजे कार्रवाई, 12 गौवंश मुक्त

इसी क्रम में 04 अक्टूबर 2026 को तड़के करीब 3 बजे थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति जरिया भभरी जंगल के रास्ते गौवंशों को पैदल झारखंड की ओर ले जा रहे हैं।

सूचना पर थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जरिया भभरी जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की।

पुलिस टीम को देखकर गौवंशों को लेकर जा रहे तस्कर रात्रि एवं घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से 12 नग गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया।

पुलिस के अनुसार फरार आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के संभावित मार्गों एवं क्षेत्रों में लगातार पतासाजी की जा रही है। साथ ही प्रकरण में तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर मोर ध्वज देशमुख, प्रधान आरक्षक सावित्री भगत, आरक्षक उपेन्द्र सिंह, आरक्षक रवि राम एवं नगर सैनिक रवि डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दोनों मामलों में अपराध दर्ज

दोनों प्रकरणों में क्रमशः चौकी सोनक्यारी, थाना सन्ना एवं थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अलग-अलग छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

सोनक्यारी प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी

  1. बालमुकुंद, उम्र 26 वर्ष, निवासी धौरापाठ, थाना सन्ना, जिला जशपुर
  2. पंचू यादव, निवासी पंड्रापाठ मुड़ाकोना, चौकी पंड्रापाठ, थाना बगीचा, जिला जशपुर
  3. गुगुल अहिर पिता ठोठो, उम्र 25 वर्ष, निवासी दोनापाठ, थाना डुमरी, जिला गुमला, झारखंड

29 गौवंश सुरक्षित मुक्त

  • सोनक्यारी क्षेत्र: 17 नग गौवंश
  • सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र: 12 नग गौवंश
  • कुल: 29 नग गौवंश

गौवंश तस्करी में संलिप्त किसी को नहीं बख्शा जाएगा

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस द्वारा ऑपरेशन शंखनाद के तहत जिले में गौवंशों की अवैध तस्करी, परिवहन एवं इससे जुड़े नेटवर्क के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। दो अलग-अलग मामलों में कुल 29 गौवंशों को तस्करों से मुक्त कराया गया है, जबकि आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि गौवंश तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment