Breaking Jashpur: लावाकेरा में नशे की बड़ी खेप पकड़ी: खाली बोतलों के नीचे छिपा था 6.32 क्विंटल गांजा, एक तस्कर गिरफ्तार

जशपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर 632 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त टाटा आईसर ट्रक, मोबाइल और नगदी सहित कुल 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये की जप्ती की है।

यह कार्रवाई ऑपरेशन आघात के तहत की गई। जशपुर पुलिस की यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 2 अक्टूबर 2026 को भी लावाकेरा में 440.630 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया था।

उड़ीसा सीमा से आने वाले वाहनों पर पुलिस की विशेष निगरानी

सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक कुमार झा द्वारा रेंज के सभी जिलों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम एवं तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उनके निर्देशानुसार रेंज स्तर पर पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी बेहतर कोआर्डिनेशन एवं सूचनाओं के आदान-प्रदान के साथ लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।

इसी क्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा डीएसपी शुभम तिवारी एवं एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी के पर्यवेक्षण में जशपुर पुलिस द्वारा नशे के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने जिले में अपने मुखबिर तंत्र को और अधिक सक्रिय करते हुए उड़ीसा सीमा से जिले में प्रवेश करने वाले संदिग्ध वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

ट्रक रोककर जांच की तो खुला गांजा तस्करी का राज

4 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम एवं थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उड़ीसा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी।

इसी दौरान उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोककर जांच की गई। पुलिस को चकमा देने के उद्देश्य से ट्रक में ऊपर की ओर खाली बोतल की शीशियों से भरी बोरियां रखी गई थीं।

पुलिस टीम ने इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की तो उनमें टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेटों को खोलकर जांच करने पर उनमें अवैध मादक पदार्थ गांजा पाया गया।

गवाहों की उपस्थिति में जांच करने पर कुल 20 बोरियों में 597 पैकेट गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन 632 किलो 380 ग्राम पाया गया।

उड़ीसा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था आरोपी

ट्रक में बैठे संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद कुमार गुप्ता (42 वर्ष), निवासी ग्राम बेरिया खलीलपुर, थाना देहात कोतवाली, जिला बहराईच, उत्तर प्रदेश बताया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह उक्त गांजा उड़ीसा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।

गांजा, ट्रक, मोबाइल और नगदी समेत 3.41 करोड़ की जप्ती

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 632.380 किलोग्राम गांजा, तस्करी में प्रयुक्त टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839, 02 मोबाइल फोन एवं 3,000 रुपये नगद विधिवत जप्त किए।

बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये, ट्रक की कीमत लगभग 25 लाख रुपये तथा जप्त मोबाइल फोन की कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई है। नगदी सहित प्रकरण में कुल 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपये की जप्ती की गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज

मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 87/2026, धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया था, उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था और तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में पुलिस द्वारा एंड-टू-एंड विवेचना की जा रही है। प्रकरण में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

दो दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई

2 अक्टूबर 2026 को भी जशपुर पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टीम एवं थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एक टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.630 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया था।

लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों से जशपुर पुलिस द्वारा उड़ीसा सीमा से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार प्रभावी निगरानी किए जाने की बात सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपी

विनोद कुमार गुप्ता, उम्र 42 वर्ष
निवासी ग्राम बेरिया खलीलपुर, थाना देहात कोतवाली, जिला बहराईच (उत्तर प्रदेश)

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

अवैध गांजे की बरामदगी एवं आरोपी की गिरफ्तारी की कार्रवाई में डीएसपी शुभम तिवारी, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, प्रधान आरक्षक मोहन बंजारे, प्रेम सिंह, आरक्षक नंदलाल यादव, अविनाश सोनी, रोशन पैंकरा, बलराम पैंकरा, कृष्णा राम, शिवशंकर राम, विनोद तिर्की सहित जिले की एंटी नारकोटिक्स टीम एवं थाना तपकरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी ने कहा—नशे के कारोबार में संलिप्त किसी को नहीं बख्शेंगे

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सरगुजा रेंज आईजी श्री दीपक कुमार झा के निर्देशानुसार रेंज स्तर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच बेहतर कोआर्डिनेशन के साथ नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जशपुर पुलिस द्वारा जिले में होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस टीम की सतर्कता एवं बेहतर समन्वय से टाटा आईसर ट्रक से 6 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। तस्करों द्वारा पुलिस को चकमा देने के लिए खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था।

एसएसपी ने कहा कि तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जप्त किया गया है और मामले में गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। कार्रवाई में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारियों को नगद पारितोषिक से पुरस्कृत किया जाएगा। जशपुर पुलिस नशे के खिलाफ पूरी दृढ़ता और निरंतरता के साथ कार्रवाई करती रहेगी तथा नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment