जशपुर : अंतरिक्ष से जशपुर तक— ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने सराहा होम-स्टे, एडवेंचर टूरिज्म और जश्क्राफ्ट

जशपुरनगर, 07 फरवरी 2026/ देश के प्रतिष्ठित अंतरिक्ष यात्री एवं भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन श्री शुभांशु शुक्ला का 04 फरवरी 2026 को जशपुर जिले में प्रवास रहा। इस दौरान उन्होंने होम-स्टे ग्राम केरे तथा जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल देशदेखा का भ्रमण किया और यहां की पर्यटन व आजीविका आधारित पहलों की सराहना की।

प्रवास के दौरान श्री शुभांशु शुक्ला ने वनमण्डल जशपुर द्वारा प्रायोजित देशदेखा क्लाइम्बिंग कम्पनी के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने युवाओं को साहसिक खेलों एवं पर्वतारोहण के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करते हुए सुरक्षित, अनुशासित एवं व्यवस्थित प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण जशपुर जैसे क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, जो युवाओं को रोजगार और पहचान दिला सकती हैं।

इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी जशपुर श्री शशि कुमार (भा.व.से.) द्वारा ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को जशपुर जिले की महिलाओं द्वारा बांस एवं छिंद घास से निर्मित जश्क्राफ्ट के पारंपरिक आभूषण भेंट किए गए। श्री शुक्ला ने जश्क्राफ्ट उत्पादों की उत्कृष्ट गुणवत्ता, कलात्मकता और नवाचार की सराहना करते हुए इसे स्थानीय महिलाओं के आजीविका सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण बताया।

उन्होंने जश्क्राफ्ट से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने तथा राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं तथा देशदेखा क्लाइम्बिंग कम्पनी के सदस्य उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment