जशपुर, 24 अप्रैल 2026। लोकसभा में नारी शक्ति वंदन (संशोधन) अधिनियम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जशपुर में जिला भाजपा कार्यालय राधाकांत भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर महिला विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया।
जशपुर की विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि इस विधेयक को पारित होने से रोकना कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष के महिला विरोधी चेहरे को उजागर करता है और भविष्य में इन दलों को इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार देश की आधी आबादी को विजन 2047 में भागीदार बनाने के उद्देश्य से यह संशोधन विधेयक लेकर आई थी। प्रधानमंत्री को उम्मीद थी कि महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने के मुद्दे पर कांग्रेस सहित पूरा विपक्ष राजनीति से ऊपर उठकर समर्थन करेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस प्रकार कांग्रेस ने धारा 370, तीन तलाक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे मुद्दों का विरोध किया, उसी प्रकार का रवैया अपनाते हुए इस संशोधन विधेयक को लोकसभा में गिरा दिया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष पिंकीं गुप्ता ने कहा कि विपक्ष ने जिस एकता का प्रदर्शन नारी शक्ति वंदन विधेयक को गिराने में किया, वही एकता इसे पारित कराने में दिखानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम के पारित हो जाने से कांग्रेस और विपक्षी दलों से जुड़ी महिलाओं को भी लाभ मिलता। उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इसके बाद परिसीमन होना तय है, इसलिए विपक्ष का परिसीमन का बहाना पूरी तरह बेमानी है।
कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे को पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के चुनाव से जोड़ने के आरोप को खारिज करते हुए विधायक रायमुनि भगत ने कहा कि विधेयक के गिरने के बाद देशभर में महिलाओं की तीखी प्रतिक्रिया सामने आने पर विपक्ष खुद को बचाने के लिए अनर्गल आरोप लगा रहा है। उन्होंने कहा कि सच्चाई यह है कि महिला आरक्षण बिल 2023 में ही पारित हो चुका है और इसे लागू करने के लिए भाजपा यह संशोधन बिल लेकर आई थी।
पत्रकारवार्ता में वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश नंदे, जिला मंत्री संतोष सिंह, जिला मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान, मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष अनीता पैंकरा, विनोद निकुंज, जयप्रकाश रवानी, कुंती यादव, सरस्वती भगत, अंजला खेस, कांति राजवाड़े सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
—




















