सुशासन तिहार बना किसानों के लिए वरदान ,महुआ शिविर में 16 किसानों को मिला केसीसी  और 7 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड का लाभ

जशपुरनगर 13 मई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिलेभर में आयोजित किए जा रहे सुशासन तिहार के अंतर्गत जनपद पंचायत बगीचा के ग्राम महुआ में जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ-साथ किसानों को शासन की योजनाओं से सीधे जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया। शिविर में कृषि विभाग द्वारा किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल देखा गया। शिविर में 16 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किया गया। केसीसी मिलने से किसानों को अब खेती-किसानी के कार्यों के लिए आसानी से ऋण सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। किसानों ने बताया कि पहले खेती के लिए खाद-बीज, दवा एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने में आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से उन्हें समय पर वित्तीय सहायता मिल सकेगी। इससे खेती की लागत प्रबंधन में सुविधा होगी और साहूकारों पर निर्भरता भी कम होगी।

    इसी प्रकार कृषि विभाग द्वारा 7 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी प्रदान किए गए। मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से किसानों को अपनी जमीन की उर्वरा क्षमता, मिट्टी में उपलब्ध पोषक तत्वों तथा आवश्यक उर्वरकों की सही जानकारी मिलेगी। इससे किसान वैज्ञानिक तरीके से खेती कर सकेंगे और आवश्यकता अनुसार खाद एवं उर्वरकों का उपयोग कर उत्पादन बढ़ाने में सफल होंगे। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को बताया कि मृदा परीक्षण आधारित खेती से लागत में कमी आती है तथा फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में वृद्धि होती है। शिविर में उपस्थित किसानों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सुशासन तिहार वास्तव में गांव-गांव तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। किसानों ने कहा कि अब उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं, बल्कि प्रशासन स्वयं गांव तक पहुंचकर सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment