जशपुर, 13 मई 2026। मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai के नेतृत्व में जिलेभर में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान जहां विभिन्न विभागों को जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, वहीं जशपुर जिले के विद्युत विभाग को ग्रामीणों की ओर से बधाई संदेश भी मिला है।

बगीचा विकासखंड के तहसील सन्ना निवासी नान राम ने सुशासन तिहार शिविर में आवेदन प्रस्तुत कर विद्युत विभाग के कार्यों की सराहना की है। उन्होंने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि ग्राम कामारिमा, खैरापाठ, डुमरपानी सहित आसपास के गांवों में लगातार और निर्बाध बिजली आपूर्ति हो रही है, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिल रही है।
नान राम ने बताया कि क्षेत्र में बिजली संबंधी कोई भी समस्या आने पर विद्युत विभाग को सूचना देने के बाद कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचकर बिजली तार, लाइन और ट्रांसफार्मर सुधार का कार्य शुरू कर देते हैं। उन्होंने कहा कि भरी गर्मी, बरसात, ठंड, तूफान या रात-दिन किसी भी समय विभाग के कर्मचारी सेवा देने के लिए तत्पर रहते हैं।
उन्होंने अपने बधाई संदेश में कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से आम लोगों को अपनी बात रखने का अवसर मिला है और उन्हें लगा कि विद्युत विभाग के बेहतर कार्यों के लिए धन्यवाद देना भी जरूरी है।
जशपुर विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री विनोद कुमार पंडित ने बताया कि जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। शिकायत मिलने पर तत्काल सुधार कार्य कराया जा रहा है ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।
उल्लेखनीय है कि जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार सक्रिय हैं। विपरीत मौसम परिस्थितियों में भी बिजली व्यवस्था बहाल करने के लिए विभागीय टीम तत्परता से कार्य कर रही है।