रायपुर: प्रदेश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, अफवाहों से बचने की अपील ,खाद्य सचिव रीना कंगाले ने कहा- पैनिक खरीदी न करें, ड्राई आउट पंपों पर लगातार पहुंचाई जा रही आपूर्ति

रायपुर, 14 मई 2026। प्रदेश में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने स्पष्ट किया है कि छत्तीसगढ़ में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य के ऑयल डिपो को नियमित रूप से आवश्यकतानुसार पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति की जा रही है तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

खाद्य सचिव ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में कुल 2516 पेट्रोल एवं डीजल पंप संचालित हैं। राज्य में पेट्रोल का 45,474 किलोलीटर तथा डीजल का 84,654 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है। वहीं पेट्रोल की दैनिक आवश्यकता 3,635 किलोलीटर तथा डीजल की दैनिक आवश्यकता 5,873 किलोलीटर है। आज विभिन्न ऑयल डिपो में 6,551 किलोलीटर पेट्रोल एवं 4,760 किलोलीटर डीजल प्राप्त हुआ है।

उन्होंने जानकारी दी कि रायपुर शहर में कुल 326 पेट्रोल-डीजल पंप हैं, जिनमें से 35 पंप अस्थायी रूप से ड्राई आउट हैं। इसी प्रकार बिलासपुर शहर में 156 पंपों में से 13 पंप ड्राई आउट हैं। इन पंपों पर जल्द से जल्द ईंधन उपलब्ध कराने के लिए ऑयल कंपनियों के डिपो से लगातार आपूर्ति की जा रही है।

खाद्य सचिव के अनुसार, पिछले दो दिनों में कुछ पंपों के ड्राई आउट होने से अफवाह और घबराहट का माहौल बना, जिसके कारण लोगों द्वारा अचानक बड़ी मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल की खरीदी की गई। मांग में अप्रत्याशित वृद्धि के चलते कुछ स्थानों पर कृत्रिम अभाव जैसी स्थिति निर्मित हुई।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रम या अफवाह पर ध्यान न दें तथा पैनिक खरीदी या ईंधन का अनावश्यक संग्रहण न करें। शासन एवं ऑयल कंपनियां समन्वय के साथ स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment