जशपुर, 2 जून 2026। पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़, नवा रायपुर अटल नगर के आदेशानुसार जशपुर जिले को 13 प्रशिक्षु उप निरीक्षक मैदानी एवं जिला स्तरीय व्यवहारिक प्रशिक्षण के लिए आबंटित किए गए हैं। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह द्वारा जारी आदेश के तहत सभी प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ कर उनके प्रशिक्षण की रूपरेखा निर्धारित कर दी गई है।
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षु उप निरीक्षक संबंधित थाना क्षेत्रों में रहकर पुलिस कार्यप्रणाली के व्यावहारिक पहलुओं का अध्ययन करेंगे तथा अनुभवी अधिकारियों और कर्मचारियों के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे। प्रशिक्षण का उद्देश्य उन्हें कानून-व्यवस्था संधारण, अपराध विवेचना, जनसंपर्क, पुलिस प्रशासन और फील्ड पुलिसिंग की बारीकियों से परिचित कराना है।
जारी आदेश के अनुसार संतोष कुमार चौरसिया को थाना तपकरा, राजकुमार को कांसाबेल, नीलमणी निषाद को कुनकुरी, जय प्रकाश को पत्थलगांव, संतोष कुमार वर्मा को नारायणपुर, शेखर सिंह राजपूत को लोदाम, जितेंद्र साहू को जशपुर, शेषनारायण दीवान एवं माधुरी वर्मा को बगीचा, मोहन लाल मरकाम को बागबहार, देविका लक्ष्मी मरकाम को कुनकुरी तथा विम्बलेश्वरी मरकाम को जशपुर थाना में प्रशिक्षण हेतु पदस्थ किया गया है।
नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी द्वारा निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षु अधिकारियों को बेसिक पुलिसिंग, बीट आरक्षक, संत्री ड्यूटी, रात्रिकालीन गश्त, सिटी पेट्रोलिंग, मुलजिम पेशी, मालमुंशी, कोर्ट मुहर्रिर, आरक्षक मोहरीर, प्रधान आरक्षक गश्ती एवं प्रधान आरक्षक मोहरीर जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे प्रशिक्षु अधिकारी पुलिस विभाग के विभिन्न कार्यों को नजदीक से समझ सकेंगे।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष बल देते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को समुचित मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी प्रशिक्षुओं के लिए निर्धारित प्रारूप में मासिक अटैचमेंट रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है।
डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि यह व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रशिक्षु अधिकारियों के व्यक्तित्व और पेशेवर दक्षता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा उन्हें आमजन की अपेक्षाओं के अनुरूप संवेदनशील, सक्षम और जिम्मेदार पुलिस अधिकारी बनने में सहायता प्रदान करेगा।