जशपुरनगर, 18 जून 2026। बगीचा विकासखंड के ग्राम छिछली स्थित आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और जनजातीय संस्कृति के अद्भुत संगम खुड़िया रानी धाम को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। कलेक्टर रोहित व्यास ने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र के समग्र विकास, सौंदर्यीकरण और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार को लेकर खुड़िया रानी सेवा समिति, जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों के साथ विस्तृत बैठक कर विकास का रोडमैप तैयार किया।
जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी सिंह ने बताया कि कलेक्टर रोहित व्यास की पहल पर धाम के चरणबद्ध विकास की योजना बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में इस क्षेत्र को जिले के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में विकसित करने के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा के लिए पेयजल और बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने, सड़क किनारे वृक्षारोपण, आकर्षक स्वागत द्वार निर्माण, मार्केट शेड, पार्किंग, पर्याप्त शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास का सुझाव दिया। साथ ही सरहा पानी नाला एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।



कलेक्टर रोहित व्यास ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित कर स्व-सहायता समूहों के माध्यम से नियमित सफाई व्यवस्था संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल की स्वच्छता बनाए रखने के लिए यूजर चार्ज व्यवस्था भी लागू की जाए, जिससे साफ-सफाई का कार्य सतत रूप से संचालित हो सके।
उल्लेखनीय है कि खुड़िया रानी मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए पूर्व में 25 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। इस राशि से मार्केट शेड, चबूतरा तथा सीसी अप्रोच रोड का निर्माण कराया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
बैठक के उपरांत कलेक्टर रोहित व्यास एवं जिला पंचायत सदस्य गेंद बिहारी सिंह लगभग 450 सीढ़ियां उतरकर विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समाज की कुलदेवी खुड़िया रानी के दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने लगभग 100 मीटर लंबी प्राकृतिक गुफा के भीतर जाकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। वर्षभर बहने वाली प्राकृतिक जलधारा, घने वन क्षेत्र और मनमोहक प्राकृतिक वातावरण इस स्थल को धार्मिक आस्था के साथ-साथ इको-टूरिज्म की दृष्टि से भी विशेष महत्व प्रदान करता है।
बैठक में सरपंच मानमती बाई, खुड़िया रानी सेवा समिति के अध्यक्ष चंद्रदेव यादव, जयशंकर यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।