रायपुर: राष्ट्रीय सेवा योजना को मजबूत करने बड़ा फैसला, 29 जिला संगठकों की नियुक्ति, कलेक्टरों के समन्वय से बनेगी सलाहकार समिति

रायपुर, 8 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की गतिविधियों को अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित और गतिशील बनाने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा विभाग ने महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया है। विभाग ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में 29 अंशकालीन जिला संगठकों की नियुक्ति की है। नियुक्त किए गए प्राध्यापकों एवं व्याख्याताओं को उनके वर्तमान शैक्षणिक दायित्वों के साथ आगामी दो वर्षों के लिए जिला संगठक की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार सभी नवनियुक्त जिला संगठकों को अपने-अपने जिलों के कलेक्टर से समन्वय स्थापित कर शीघ्र ही जिला स्तरीय सलाहकार समिति का गठन सुनिश्चित करना होगा। साथ ही नियमानुसार समिति की नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिससे राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों का प्रभावी संचालन हो सके।

विभाग ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक जिला संगठक हर माह अपना दौरा कार्यक्रम, कार्यों का संकलित प्रतिवेदन तथा निरीक्षण रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में संबंधित विश्वविद्यालय के एनएसएस प्रकोष्ठ एवं राज्य एनएसएस प्रकोष्ठ को अनिवार्य रूप से भेजेंगे।

जिला संगठक अपने कार्यक्षेत्र में संचालित सभी एनएसएस इकाइयों, जिनमें कृषि एवं तकनीकी शिक्षा संस्थानों की इकाइयां भी शामिल हैं, के सुचारू संचालन, समन्वय और निगरानी में सहयोग करेंगे तथा समय-समय पर इसकी रिपोर्ट संबंधित विश्वविद्यालयीन एनएसएस प्रकोष्ठ को उपलब्ध कराएंगे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment