जशपुर: कलेक्टर रोहित व्यास ने जूदेव चौक और बीटीआई तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर

जशपुर, 10 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने गुरुवार को पत्थलगांव में निर्माणाधीन जूदेव चौक एवं बीटीआई तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि जूदेव चौक का विकास नगर की पहचान के अनुरूप आकर्षक और सुव्यवस्थित स्वरूप में किया जाए। पत्थलगांव-अंबिकापुर मार्ग पर बस स्टैंड से लगभग दो किलोमीटर दूर करीब 31.13 लाख रुपये की लागत से जूदेव चौक का निर्माण किया जा रहा है।

चौक में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा के समीप आकर्षक मिनी गार्डन विकसित किया जा रहा है। साथ ही आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, कलात्मक पेंटिंग और अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों के माध्यम से इसे शहर का प्रमुख आकर्षण बनाया जाएगा।

इसके बाद कलेक्टर ने जूदेव चौक के समीप निर्माणाधीन बीटीआई तालाब के सौंदर्यीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। लगभग 24 लाख रुपये की लागत से तालाब का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाते हुए सभी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कहा कि जूदेव चौक और बीटीआई तालाब का सौंदर्यीकरण पूरा होने के बाद यह क्षेत्र स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा पत्थलगांव की सुंदरता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम पत्थलगांव श्री ऋतुराज सिंह बिसेन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री मोहम्मद जावेद खान, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कमलकांत श्रीवास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment