जशपुर, 13 जुलाई 2026। पथलगांव में बिजली पोल के झुकने और हाईटेंशन तारों से हादसे की आशंका संबंधी प्रकाशित समाचार पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के पथलगांव संभाग ने स्पष्टीकरण जारी किया है। विभाग ने बताया कि घटना के बाद झुके हुए पोल को तत्काल दुरुस्त कर दिया गया था और विद्युत व्यवस्था को किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंची।
कार्यपालन यंत्री के अनुसार, 6 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 8:30 बजे रायगढ़ रोड स्थित पंजाबी ढाबा के सामने एक अज्ञात वाहन, जिसकी ऊंचाई निर्धारित मानक से अधिक थी, एल.टी. केबल से टकरा गया। इससे वहां लगा एल.टी. पोल झुक गया।
घटना की जांच कनिष्ठ यंत्री अमृत बेक द्वारा की गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि दुर्घटना से एल.टी. पोल और एल.टी. केबल को कोई नुकसान नहीं हुआ। विभाग की मेंटेनेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर झुके हुए पोल को तत्काल सीधा कर विद्युत व्यवस्था को सामान्य बनाए रखा।