जशपुर: जिले में शुरू हुआ ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान, 31 योजनाओं की होगी रियल-टाइम मॉनिटरिंग

जशपुर: छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार जिले में कल्याणकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत जिले के सभी गांवों में 31 चिन्हित व्यक्तिमूलक योजनाओं का सघन और प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा, जिसकी निगरानी रियल-टाइम डिजिटल डैशबोर्ड के माध्यम से होगी।

कलेक्टर रोहित व्यास द्वारा जारी आदेश के अनुसार अभियान के सफल संचालन के लिए जिला स्तर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक कुमार को नोडल अधिकारी तथा सहायक कलेक्टर प्रदीप साहू को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

वहीं जिले के सभी आठ विकासखंडों में संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों (एसडीएम) को नोडल अधिकारी तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और तहसीलदारों को सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के समन्वय से विशेष शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासन की सभी चिन्हित योजनाओं का लाभ समय पर और प्रभावी तरीके से मिल सके। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment