रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से जांजगीर-चांपा जिले की होनहार पर्वतारोही सुश्री अमिता श्रीवास ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर इतिहास रचने वाली अमिता श्रीवास को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान विधायक श्रीमती गोमती साय भी उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अमिता श्रीवास ने अपने साहस, अदम्य इच्छाशक्ति, अनुशासन और अटूट संकल्प के बल पर दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर भारत का तिरंगा फहराकर न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के लिए गर्व, सम्मान और प्रेरणा का विषय है।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास हो तो असंभव दिखाई देने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। अमिता श्रीवास ने अपनी सफलता से यह सिद्ध कर दिया है कि मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर हर ऊंचाई को छुआ जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमिता श्रीवास की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का आत्मविश्वास प्रदान करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि अमिता भविष्य में भी अपनी उपलब्धियों से प्रदेश और देश का नाम रोशन करती रहेंगी।
गौरतलब है कि जांजगीर-चांपा जिले की निवासी पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने 22 मई को समुद्र तल से 8,848.86 मीटर ऊंची विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराकर इतिहास रचा। उनकी इस उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है तथा वे प्रदेश की बेटियों के लिए साहस, संघर्ष और सफलता की नई मिसाल बनकर उभरी हैं।